चंडीगढ़
कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर बड़ा राजनीतिक संदेश दिया है। इंडिया टुडे को दिए साक्षात्कार में उन्होंने स्पष्ट कहा कि पंजाब में बीजेपी की जीत केवल शिरोमणि अकाली दल (SAD) के साथ गठबंधन से ही संभव है।
कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि बीजेपी को अभी पंजाब की सामाजिक और राजनीतिक संरचना की गहरी समझ नहीं है। उन्होंने कहा. “अगर आप 2027 का चुनाव जीतना चाहते हैं, तो अपना कैडर मजबूत करना होगा, लेकिन इसमें दो-तीन चुनाव लगेंगे। अकाली दल के साथ गठबंधन ही जीत का एकमात्र रास्ता है।”
2027 चुनाव लड़ने को पूरी तरह तैयार
कैप्टन ने यह भी कहा कि वे पूरी तरह फिट हैं और 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए सक्रिय राजनीति में पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने बताया, “मैं पूरी तरह स्वस्थ हूं और 2027 के चुनावों के लिए तैयार हूं।”
अकाली दल–बीजेपी गठबंधन पर फिर जोर
पूर्व मुख्यमंत्री ने दोहराया कि पंजाब में बीजेपी को सत्ता में लाने का रास्ता केवल SAD के साथ मिलकर ही खुल सकता है। उन्होंने कहा, “सरकार बनाने का दूसरा कोई रास्ता ही नहीं है, अकाली दल के साथ ही जाना होगा।”
बता दें, भाजपा व अकाली दल का लंबे समय तक गठबंधन रहा। इस दौरान दोनों दलों ने सत्ता का स्वाद चखा, लेकिन केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा लाए गए तीन कृषि कानूनों के कारण दोनों दलों के बीच दूरी हो गई। किसान बहुल पंजाब में किसान कृषि कानूनों को लेकर आंदोलन कर रहे थे। ऐसे में अकाली दल को भाजपा के साथ रहना मुश्किल हो रहा था। इसी कारण अकाली दल ने भाजपा से गठबंधन तोड़ दिया था। लेकिन, इस गठबंधन के टूटने के बाद राज्य में दोनों दल अकाली दल व भाजपा हाशिये पर आ गए।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

