रूस
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन के यूरोपीय सहयोगियों पर कीव के साथ उसके लगभग चार साल से जारी युद्ध को समाप्त करने के लिए अमेरिका के नेतृत्व वाले प्रयासों को बाधित करने का आरोप लगाया है। उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भेजे गए एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात करने से ठीक पहले यह टिप्पणी की। रूसी राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास क्रेमलिन में अमेरिका के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और ट्रंप के दामाद जेरेड कुश्नर के साथ बातचीत से पहले पुतिन ने यूरोपीय देशों पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘उनके पास शांति का एजेंडा नहीं है, वे युद्ध के पक्ष में हैं।''
उन्होंने आरोप लगाया कि यूरोप शांति प्रस्तावों में रूस के लिए "पूरी तरह से अस्वीकार्य मांगों" को जोड़कर समग्र शांति प्रक्रिया को अवरुद्ध कर रहा है। पुतिन ने यह भी दोहराया कि रूस की यूरोप पर हमला करने की कोई योजना नहीं है, लेकिन चेतावनी दी कि यदि यूरोप ने युद्ध शुरू किया, तो रूस "पूरी तरह तैयार" है। दूसरी ओर यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की वार्ता के परिणाम का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
आयरलैंड की राजधानी डबलिन में उन्होंने कहा कि अमेरिकी दूतों की रिपोर्ट पर ही आगे की बातचीत और बैठकें निर्भर करेंगी। जेलेंस्की ने कहा, "बातचीत हो रही है, लेकिन हमें परिणाम चाहिए। हमारे लोग हर दिन मर रहे हैं।" मॉस्को में अमेरिकी और रूसी अधिकारियों के बीच बंद कमरे में यह बैठक लगभग पांच घंटे तक चली। दोनों पक्षों ने अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
