BJP–JJP गठबंधन पर दुष्यंत चौटाला का खुलासा: कई निर्णायक फैसलों का श्रेय साझा सरकार को

राज्य

जींद
पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला 2019 में भाजपा के साथ गठबंधन में सरकार बनाने की पैरवी अब भी अभी करते नजर आए। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि राजनीति में गठबंधन होते रहते हैं। उन्होंने बीजेपी से गठबंधन कर प्रदेश में किसानों, मजदूर, महिलाओं और पिछड़ा वर्ग के लोगों तथा बुजुर्गों के हित में कई ऐतिहासिक फैसले करवाए। दुष्यंत चौटाला बृहस्पतिवार को जींद के जेजेपी कार्यालय में पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि गठबंधन की राजनीति पूरे देश में हो रही है। अरविंद केजरीवाल ने कांग्रेस के खिलाफ दिल्ली में चुनाव लड़ा था और बाद में कांग्रेस के समर्थन से ही अपनी सरकार बनाई थी। उन्होंने भी 2019 में प्रदेश में भाजपा के साथ मुद्दों और कार्यक्रम पर गठबंधन किया था। इसी गठबंधन में डिप्टी सीएम रहते उन्होंने हरियाणा के युवाओं के लिए निजी सेक्टर में आरक्षण की व्यवस्था करवाई। पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण करवाया। पिछड़ा वर्ग को 8 प्रतिशत आरक्षण दिलवाया। किसानों के खाते में पहली बार फसल बेचने पर सीधे पैसे डालने की व्यवस्था उन्होंने गठबंधन सरकार में रहते करवाई। प्रदेश को कई बड़े हाईवे की सौगात दिलवाई। एमएसपी पर फसलों की खरीद सुनिश्चित की गई।

नायब सैनी सरकार में सब हो गया चौपट
दुष्यंत चौटाला ने कहा कि नायब सैनी सरकार में प्रदेश में सब चौपट हो गया है। प्रदेश की कानून- व्यवस्था चौपट है। मंडियों में किसानों को एमएसपी से कम भाव पर धान, बाजरा और कपास की फसल बेचने पर मजबूर होना पड़ रहा है। सीएम नायब सैनी को किसानों की कोई चिंता नहीं है। उन्होंने रोहतक के महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय और जींद के चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय का जिक्र करते हुए कहा कि शिक्षा का बेड़ा गर्क हो गया है। एमडीयू रोहतक के पास डेढ़ साल से नैक की ए प्लस रिकॉग्निशन नहीं थी, लेकिन इसके नाम पर युवाओं को धोखा दिया गया। जींद की चौधरी रणबीर सिंह यूनिवर्सिटी में छात्राओं का यौन उत्पीड़न हुआ है, जो बहुत गंभीर मामला है। प्रदेश सरकार को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि किसी विश्वविद्यालय में छात्राओं का इस तरह से यौन उत्पीड़न नहीं हो।

जुलाना रैली से बदलेगी राजनीति, जेजेपी सबसे मजबूत विपक्षी दल
दुष्यंत चौटाला ने कहा कि जेजेपी के आठवें स्थापना दिवस पर जुलाना में 7 दिसंबर को पार्टी की रैली ऐतिहासिक होगी। पूरे प्रदेश से इसमें बड़ी संख्या में लोग भाग लेने के लिए पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि रैली से प्रदेश की राजनीति बदलेगी। जेजेपी को उन्होंने प्रदेश में मजबूत विपक्षी दल बताते हुए कहा कि जनता से जुड़े मुद्दे जेजेपी उठा रही है। जेजेपी के कुछ नेताओं के इनेलो में शामिल होने से जुड़े सवाल पर दुष्यंत चौटाला ने कहा कि जो लोग 2 साल पहले जेजपी को छोड़ गए थे, उन्हीं को हरे पत्ते पहनाए जा रहे हैं।

आरएस यादव के मामले में सच आएगा सामने
दुष्यंत चौटाला से जब रिटायर्ड आईपीएस आर एस यादव द्वारा इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला पर उन्हें 39 जूते मारने के आरोपों पर सवाल किया गया, तो दुष्यंत ने कहा कि यह दो लोगों के बीच का मामला है। इसका सच कानूनी कार्रवाई के बाद सामने आएगा।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry