झारखंड में सर्द मौसम कायम, सुबह कोहरा बना परेशानी; IMD ने यात्रियों को किया अलर्ट

राज्य

रांची

मौसम विज्ञान केंद्र रांची की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार झारखंड में आने वाले पांच से सात दिनों तक मौसम का मिजाज लगभग स्थिर बना रहेगा। इस दौरान राज्य में किसी बड़े मौसमीय बदलाव की संभावना नहीं है। बीते 24 घंटे में भी पूरे झारखंड में मौसम शुष्क रहा और कहीं से बारिश की सूचना नहीं मिली।

20 दिसंबर तक हल्के से मध्यम दर्जे का कोहरा छाने की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक अधिकतम तापमान में सामान्य से कोई खास उतार-चढ़ाव दर्ज नहीं किया गया। चाईबासा में राज्य का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि रांची के कांके में न्यूनतम तापमान 6.0 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार निचले वायुमंडल में उत्तर-पश्चिमी से उत्तरी हवाएं चल रही हैं, जिससे सुबह और देर रात ठंड का असर बना हुआ है। पूर्वानुमान के मुताबिक 20 दिसंबर तक मध्य, दक्षिण, उत्तर-पश्चिमी और उत्तर-पूर्वी झारखंड के अधिकांश जिलों में सुबह के समय हल्के से मध्यम दर्जे का कोहरा छाने की संभावना है। हालांकि दिन चढ़ने के बाद आसमान साफ रहेगा और धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत मिलेगी। रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद समेत कई जिलों में यही स्थिति बनी रहने की संभावना है। जिलेवार पूर्वानुमान के अनुसार उत्तर-पश्चिमी झारखंड के कोडरमा, चतरा, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा और पलामू में न्यूनतम तापमान 7 से 9 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

IMD ने वाहन चालकों को दी ये सलाह
मौसम विभाग के मुताबिक गुमला में 18 दिसंबर को न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, जो राज्य में सबसे कम रहने की संभावना है। रांची, बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग और खूंटी में अधिकतम तापमान 23 से 25 डिग्री और न्यूनतम 8 से 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। 17 और 18 दिसंबर को हल्की गिरावट के बाद तापमान फिर स्थिर हो जाएगा। दक्षिण झारखंड के पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला और सिमडेगा में अधिकतम तापमान 26 से 27 डिग्री तथा न्यूनतम 8 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। वहीं उत्तर-पूर्वी झारखंड के देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज में दिन का तापमान 26 से 27 डिग्री और रात का तापमान 10 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। मौसम विभाग ने किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की है, लेकिन सुबह के समय कोहरे के कारण वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। कम दृश्यता के चलते खासकर राष्ट्रीय और राज्य मार्गों पर धीमी गति से वाहन चलाने और फॉग लाइट का उपयोग करने की अपील की गई है।

 

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry