नारनौंद/हांसी
प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने ऐतिहासिक गांव राखीगढ़ी में तीन दिवसीय राखीगढ़ी महोत्सव का शुभारंभ किया। उनके साथ पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा और मंत्री रणबीर गंगवा भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने सबसे पहले हड़प्पा ज्ञान केंद्र का उद्घाटन किया और म्यूजियम में प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इसके बाद उन्होंने मॉक खुदाई, स्वयं सहायता समूह और सरकारी विभाग द्वारा लगाई गई स्टालों का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने कुश्ती दंगल का शुभारंभ किया और पहलवानों के दांव-पेंच देखे।
सीएम ने कहा कि यह महोत्सव केवल सांस्कृतिक आयोजन नहीं बल्कि हमारी प्राचीन सभ्यता और गौरवशाली जीवन का उत्सव है। मुख्यमंत्री ने बेटियों की शिक्षा और सुरक्षा पर जोर दिया और पुरातत्व स्थलों पर गर्व व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि राखीगढ़ी म्यूजियम 22 करोड़ रुपए की लागत से तैयार किया जा रहा है और केंद्र सरकार ने ऐतिहासिक स्थलों के विकास के लिए 500 करोड़ रुपए का प्रावधान किया है।
पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि राखीगढ़ी ऐतिहासिक महत्व का गांव है, जहां खुदाई में पहिए और स्विमिंग पूल के अवशेष मिले हैं। सरकार यहां रोजगार और पर्यटन को बढ़ावा देगी और भविष्य में कार्यक्रम और भव्य तरीके से आयोजित होंगे। म्यूजियम में प्रदर्शनी में हड़प्पा कालीन सभ्यता के अवशेष और छात्रों द्वारा बनाई गई मिट्टी की मूर्तियां प्रदर्शित की गईं। इस महोत्सव में देशभर के पर्यटक और इतिहास प्रेमी जुड़े। वहीं, विरासत एवं पर्यटन विभाग के आयुक्त एवं सचिव अमित अग्रवाल तथा विभाग के निदेशक अमित खत्री ने शुक्रवार को विश्व प्रसिद्ध राखीगढ़ी स्थित पुरातत्व विभाग की विभिन्न साइटों का दौरा किया।
सीएम ने पेश किया सरकार का रिपोर्ट कार्ड
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने चुनाव के दौरान जनता से किए गए 217 संकल्पों में से अब तक 54 संकल्पों को सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। इनमें महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल लाडो लक्ष्मी योजना भी शामिल है, जो महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभा रही है। दूसरे राज्य स्तरीय राखीगढ़ी महोत्सव के अवसर पर जनसमूह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार अपने सभी चुनावी वादों को चरणबद्ध तरीके से धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
अब तक 10 लाख महिलाओं को मिला लाभ
मुख्यमंत्री ने उपस्थित महिलाओं से लाडो लक्ष्मी योजना के तहत अधिक से अधिक पंजीकरण करवाने का आह्वान करते हुए कहा कि जो महिलाएं अभी तक योजना से नहीं जुड़ी हैं, वे शीघ्र अपना पंजीकरण एवं सत्यापन प्रक्रिया पूरी करवाएं। उन्होंने बताया कि पात्र महिलाओं को योजना के अंतर्गत 2100 रुपये की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में हस्तांतरित की जा रही है। सीएम सैनी ने जानकारी दी कि अब तक योजना के तहत लाभार्थियों के खातों में दो किस्तें जारी की जा चुकी हैं तथा लगभग 10 लाख महिलाओं ने अपना पंजीकरण करवा लिया है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश की प्रत्येक पात्र महिला तक इस योजना का लाभ पहुंचे, जिससे महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता को मजबूती मिले और वे समाज की मुख्यधारा में सशक्त भूमिका निभा सकें।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
