राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का रांची आगमन, राज्यपाल और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने किया अभिनंदन

राज्य

रांची

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के रांची पहुंचने पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने एक्स पर कई तस्वीरें पोस्ट की. तस्वीर के साथ सीएम ने लिखा, झारखंड की वीर भूमि में देश की माननीय राष्ट्रपति आदरणीय श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी का हार्दिक अभिनंदन, स्वागत और जोहार.

राष्ट्रपति का तीन जिलों में होगा दौरा
तीन दिवसीय झारखंड दौरे में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जमशेदपुर, गुमला और रांची में कई कार्यक्रमों में भाग लेंगी. राष्ट्रपति सोमवार को संथाली भाषा की ओल चिकी लिपि के शताब्दी समारोह में शामिल होंगी और राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर के 15वें दीक्षांत समारोह को संबोधित करेंगी. राष्ट्रपति सोमवार सुबह एक विशेष हेलिकॉप्टर से जमशेदपुर रवाना होंगी.

सोमवार को राष्ट्रपति का कार्यक्रम
राष्ट्रपति सोमवार को पूर्वी सिंहभूम जिले में जमशेदपुर के बाहरी इलाके करनडीह स्थित दिसोम जाहेरथान प्रांगण में जाएंगी जहां वह ‘ओल चिकी’ लिपि के शताब्दी समारोह के समापन कार्यक्रम में हिस्सा लेंगी. ओल चिकी आंदोलन की शुरुआत 1925 में पंडित रघुनाथ मुर्मू ने की थी. यह कार्यक्रम अखिल भारतीय संथाली लेखक संघ और दिसोम जाहेरथान समिति संयुक्त रूप से आयोजित कर रहे हैं. इसके बाद राष्ट्रपति एनआईटी जमशेदपुर के 15वें दीक्षांत समारोह में भाग लेंगी. राष्ट्रपति रात विश्राम के लिए रांची स्थित लोक भवन लौटेंगी.

मंगलवार को वह गुमला जाएंगी राष्ट्रपति
मंगलवार को राष्ट्रपति गुमला जाएंगी और अंतरराज्यीय जन सांस्कृतिक समागम समारोह-कार्तिक जात्रा को संबोधित करेंगी. राष्ट्रपति मंगलवार को दिल्ली रवाना होंगी.

राष्ट्रपति के दौरे के मद्देनजर झारखंड में बढ़ाई गई सुरक्षा
राष्ट्रपति के दौरे के मद्देनजर रांची, जमशेदपुर और गुमला में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है. रांची में बिरसा मुंडा हवाई अड्डे से लोक भवन तक 200 मीटर के दायरे में ड्रोन, पैराग्लाइडर और गर्म हवा के गुब्बारों के लिए ‘नो-फ्लाई जोन’ निर्धारित किया गया है. यह क्षेत्र हिनू चौक, बिरसा चौक और अरगोड़ा चौक को कवर करता है. यह निषेधाज्ञा 28 दिसंबर सुबह छह बजे से 30 दिसंबर रात 10 बजे तक लागू रहेगी. राष्ट्रपति के दौरे के मद्देनजर रांची में यातायात पाबंदियां भी लगायी गई हैं.

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry