वीडियो वायरल: पेट्रोल पंप पर किताबें खोलकर पढ़ता 4 साल का अलेक्स, भविष्य में कलेक्टर बनने का सपना

राज्य

रांची
 झारखंड की राजधानी रांची में आजकल पेट्रोल पंप पर पढ़ते हुए बच्चे का वीडियो काफी वायरल हो रहा है. दरअसल, यह बच्चा एलेक्स मुंडा है, जिसकी मां उसी पेट्रोल पंप में काम करती है. एलेक्स ने बताया कि उसने अपने पिता को कभी देखा ही नहीं. उसकी मां पुनीता बताती हैं कि 4 साल पहले ही उनके पति की मौत हो गई थी. बच्चे ने तो अपने पिता को देखा भी नहीं है.

पेट्रोल पंप की रोशनी में पढ़ाई करता है बच्चा
पुनीता ने बताया कि वे खपड़े के घर में रहते हैं और पेट्रोल पंप की रोशनी में एलेक्स पढ़ाई करता है. घर में पढ़ने के लिए अलग से कोई व्यवस्था नहीं है. पढ़ाई का ऐसा जुनून है कि कहीं भी पढ़ लेता है. बड़ा होकर कलेक्टर बनना चाहता है. मुझे कभी इसे पढ़ने के लिए कहना नहीं पड़ता, जहां रोशनी मिलती है, वहीं किताब खोलकर बैठ जाता है.

एक वीडियो ने रातों-रात कर दिया वायरल
दरअसल, रांची के सुकुरहुत्तु चौधरी फ्यूल पेट्रोल पंप में पुनीता काम करती हैं और एलेक्स भी वहीं पेट्रोल पंप पर बैठकर पढ़ रहा था. इसी दौरान एक व्यक्ति ने उसका वीडियो ट्विटर पर डाल दिया और सीएम को टैग कर दिया. इसके बाद सीएम ने संज्ञान लेते हुए रांची डीसी को निर्देश दिया कि इस बच्चे की तुरंत मदद की जाए. इसके बाद डीसी ने बच्चे को हर महीने सरकारी फंड से 4 हजार रुपये देने का आश्वासन दिया है.

सारे लोगों ने मोड़ लिया मुंह
पुनीता बताती हैं कि उनके पास संपत्ति के नाम पर सिर्फ उनका 4 साल का बच्चा है, और कोई नहीं, सारे रिश्तेदारों ने मुंह मोड़ लिया. बस यह खपड़े का छोटा सा घर और बेटा ही उनके पास है. मैं इसे पढ़ा-लिखाकर काबिल बनाना चाहती हूं. इसी वजह से पेट्रोल पंप में काम करती हूं, जिससे कुछ पैसे मिल जाते हैं. लगभग सारे पैसे इसकी पढ़ाई में ही खर्च हो जाते हैं. अब सरकार से जो मदद मिलेगी, उससे काफी सहारा मिलेगा.

बड़ा होकर कलेक्टर बनूंगा
एलेक्स ने बताया कि वह बड़ा होकर कलेक्टर बनना चाहता है, डीसी बनना है. जिस तरह डीसी साहब ने गरीब बच्चों की मदद की और मेरी मदद की, वैसे ही मैं भी सबकी मदद करूंगा. यूपीएससी की परीक्षा दूंगा और इसके लिए दिन-रात मेहनत करके पढ़ाई करूंगा, मम्मी का सहारा बनूंगा. पापा को तो नहीं देखा है, लेकिन मम्मी के लिए सब कुछ करना है और गरीबों के लिए भी.

 

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry