झारखंड में शीतलहर का प्रकोप, घने कोहरे के साथ कश्मीर जैसी ठंड से जनजीवन प्रभावित

राज्य

नई दिल्ली

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के रांची स्थित केंद्र ने सोमवार को झारखंड के कई हिस्सों में शीत लहर और घने कोहरे की स्थिति को लेकर येलो अलर्ट जारी किया। मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के बुलेटिन के अनुसार, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, खूंटी और रांची के लिए शीत लहर का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

छह जिलों में घने कोहरे के लिए अलर्ट जारी
इन जिलों में मंगलवार सुबह 8:30 बजे तक भीषण ठंड का प्रकोप जारी रहने की संभावना है। रांची के पास स्थित कांके राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अतिरिक्त, गढ़वा, पलामू, लातेहार, चतरा, हजारीबाग और कोडरमा सहित छह जिलों में घने कोहरे के साथ ‘शीत दिवस' के लिए और गिरिडीह, देवघर, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ सहित अन्य छह जिलों में केवल घने कोहरे के लिए अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञान विभाग के बुलेटिन के अनुसार, इन जिलों में दृश्यता घटकर 50 से 200 मीटर के बीच रहने का अनुमान है। इसके अलावा इन जिलों में 31 दिसंबर को सुबह 8:30 बजे तक घना कोहरा छाए रहने का भी अनुमान है।

रांची मौसम विज्ञान केंद्र के उप निदेशक अभिषेक आनंद ने कहा, "झारखंड के निचले क्षोभमंडलीय स्तरों में चलने वाली उत्तर-पश्चिमी से पश्चिमी हवाओं के कारण शीतलहर की स्थिति उत्पन्न हो रही है।" आईएमडी के बुलेटिन के अनुसार, पिछले 24 घंटों में लोहरदगा में न्यूनतम तापमान 3.7 डिग्री सेल्सियस, खूंटी में चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि डाल्टनगंज में पारा गिरकर 6.1 डिग्री सेल्सियस तक चला गया। रांची में न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

 

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry