लुधियाना.
वर्षा और पहाड़ों में बर्फबारी के चलते शनिवार को पंजाब के कई जिले अति शीतलहर की चपेट में रहे। जिसके चलते चौबीस घंटे में ही कई जिलों में न्यूनतम तापमान में दस डिग्री सेल्सियस व अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ गई। मध्यरात्रि के बाद से कई जिलों में बर्फीली हवाएं चलने से लोग कंपकंपाते हुए दिखे।
ठंडी हवाएं गर्म कपड़ों की कई परतों को भेदते हुए शरीर तक पहुंचकर सिहरन पैदा कर रही थी। मौसम केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार पंजाब में बठिंडा सबसे ठंडा रहा। जहां न्यूनतम तापमान 0.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि सामान्य से 4.8 डिग्री सेल्सियस कम था। वहीं फरीदकोट में न्यूनतम तापमान 1.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि सामान्य से 4.2 डिग्री सेल्सियस कम रहा।
वहीं, फिरोजपुर में न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम था। अमृतसर में न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस, होशियारपुर में 2.5 डिग्री सेल्सियस, पटियाला में 3.5 डिग्री सेल्सियस, एसबीएस नगर में 3.4 डिग्री सेल्सियस, मानसा में 3.9 डिग्री सेल्सियस, लुधियाना में 4.0 डिग्री सेल्सियस, गुरदासपुर में 4.4 डिग्री सेल्सियस, रूपनगर में 4.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
वहीं, अधिकतम तापमान भी ज्यादातर जिलों में सामान्य से कम रहा। अमृतसर, फिरोजपुर व होशियारपुर में अधिकतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस, लुधियाना, पठानकोट, बठिंडा, एसबीएस नगर व चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस और पटियाला व रूपनगर में अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार रविवार को भी पंजाब में शीतलहर से अति शीतलहर चल सकती है।
कुछ जिलों में सुबह घनी से अति घनी धुंध छाई रहने की संभावना है। अतिशीतलहर से दिन व रात के तापमान कम रहेंगे। 26 जनवरी को दोबारा से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। जिसका असर 28 जनवरी तक रहेगा। इस दौरान पंजाब में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है और कुछ जिलों में सामान्य से मध्यम वर्षा हो सकती है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
