11 जिलों में बारिश के साथ पड़े ओले, हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ का ‘डबल अटैक’

राज्य

हिसार/पानीपत.

प्रदेश में नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होते ही मंगलवार को मौसम बदला है। प्रदेश के 11 जिलों में ओलावृष्टि हुई, जबकि 15 से अधिक जिलों में वर्षा हुई। जिन जिलों में ओलावृष्टि हुई है, उनमें हिसार, भिवानी, रोहतक, झज्जर, फतेहाबाद, चरखी दादरी, अंबाला, कैथल, जींद, पानीपत और यमुनानगर शामिल हैं।

इनमें हिसार, फतेहाबाद और भिवानी क्षेत्र में ओलावृष्टि अधिक रही। इन जिलों के 200 के करीब गांवों में ओले पड़े हैं। भिवानी, रोहतक, हिसार और यमुनानगर में ओलों की सफेद चादर बिछ गई। ओलावृष्टि से सरसों की फसल को नुकसान पहुंचा है। गेहूं में अभी बालियां नहीं निकली हैं, इसलिए ओलावृष्टि से गेहूं को नुकसान नहीं हुआ। वर्षा से गेहूं, चना और जौ की फसलों को फायदा मिलने की संभावना है। वहीं प्रदेश का औसत न्यूनतम तापमान आठ डिग्री दर्ज हुआ है।

मौसम विभाग का अलर्ट कोहरा: पंचकूला, अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, सोनीपत, पानीपत व जींद। शीत लहर: महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, मेवात, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी व चरखी दादरी। कई जिलों में हुई ओलावृष्टि और असर को हिसार: जिले में बुड़ाक, सरसाना, बांडाहेड़ी, खासा महाजन, घुड़साल, बगला और कालीरामन गांवों में भारी ओलावृष्टि हुई। यहां खेतों में ओलों की सफेद चादर बिछ गई। सिरसा: नाथूसरी चौपटा ब्लॉक के मोरीवाला, डिंग और शक्कर मंदोरी सहित 13 गांवों में ओले गिरे। इससे सरसों और गेहूं को भारी नुकसान पहुंचा है।

झज्जर, बहादुरगढ़ और बादली ब्लाक के पेलपा सहित कुल 16 गांवों में ओलावृष्टि हुई। कृषि विभाग के अनुसार फसलों में 15 प्रतिशत तक नुकसान है। चरखी दादरी: बाढड़ा उपमंडल के बाढड़ा, हंसावास और कादमा सहित 10 गांवों में सुबह ओले गिरे। सरसों की फसल में अधिक नुकसान का अंदेशा जताया गया है।

रोहतक, महम क्षेत्र के भैणी चंद्रपाल, भैणी सुरजन, सैमान, खेड़ी, बहलबा और भराण गांवों में हल्की ओलावृष्टि दर्ज की गई। यहां फसलों में विशेष नुकसान नहीं है। जींद: उचाना के घोघड़ियां, कुचराना व कसूहन और नरवाना के दनौदा व जाजनवाला गांवों में ओले गिरे। शीतलहर के बीच सरसों की फसल प्रभावित हुई है। फतेहाबाद : दहमान, गोरखपुर, चिंदड़, कुम्हारिया और भोडा होसनाक गांवों में ओलावृष्टि हुई। इससे गेहूं और सरसों की पैदावार पर बुरा असर पड़ने की संभावना है। कुरुक्षेत्र जिले के दयालपुर और बारवा गाँवों में सुबह के समय हल्की ओलावृष्टि हुई। रुक-रुक कर हुई बारिश से क्षेत्र में दोबारा ठंड बढ़ गई है।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry