नई दिल्ली.
हरियाणा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा कांग्रेस विधायकों के साथ शुक्रवार को नई दिल्ली में बैठक करेंगे। यह बैठक नई दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में शाम पांच बजे से होगी, जिसमें हरियाणा के पार्टी प्रभारी बीके हरिप्रसाद सिंह भी मौजूद रहेंगे। इस महत्वपूर्ण बैठक में 20 फरवरी से शुरू हो रहे हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र को लेकर रणनीति तैयार की जाएगी।
कांग्रेस विधायकों के साथ नेता प्रतिपक्ष, हरियाणा की नायब सरकार को घेरने के लिए मुद्दों पर बातचीत करेंगे। बैठक की सूचना सभी विधायकों को भेज दी गई है। विधानसभा के शीतकालीन सत्र में कांग्रेस विधायकों ने सरकार की नीतियों को लेकर खूब हंगामा किया था। कई बार सदन छोडकर भी चले गए थे। पार्टी के युवा विधायक एक ही तरह की ग्रीन जैकेट पहन कर आए थे, उनकी पोशाक भी चर्चा का विषय बनी थी।
शुक्रवार को ही पूर्व मुख्यमंत्री अपने नई दिल्ली स्थित आवास पर दोपहर के भोज का भी आयोजन कर रहे हैं। इसके लिए दोपहर 12 बजे का आमंत्रण दिया गया है। इस तरह का आयोजन भूपेंद्र सिंह हुड्डा हर साल जनवरी महीने में करते हैं। भोज कार्यक्रम ने पूर्व सीएम की ओर से पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के साथ हरियाणा कांग्रेस के उन नेताओं को भी आमंत्रित किया गया है, जिनसे पूर्व सीएम के साथ मतभेद रहते हैं। ऐसे में देखना यह होगा कि वह नेता आमंत्रण में आते हैं या नहीं। खाने पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव सहित इंडी गठबंधन से जुड़े दलों के प्रमुख नेताओं को भी बुलाया गया है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

