स्वास्थ्य प्रणाली में लापरवाही: झज्जर ऑपरेशन में पेट में बचा सामान, FIR बहादुरगढ़ में दर्ज

Spread the love

झज्जर 
झज्जर जिले के बहादुरगढ़ शहर के एक निजी अस्पताल में एक पूर्व सैनिक के ऑपरेशन के दौरान कथित लापरवाही का मामला सामने आया है। मरीज की शिकायत पर थाना शहर बहादुरगढ़ पुलिस ने डॉक्टर और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

पेट दर्द के बाद भर्ती हुआ था पूर्व सैनिक
गांव बादली निवासी सुरेन्द्र सिंह, जो भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हवलदार हैं, ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 24 जनवरी 2026 को पेट दर्द होने पर वे ईसीएचएस डिस्पेंसरी झज्जर गए थे। वहां से उन्हें आगे के इलाज के लिए रेफर किया गया, जिसके बाद वे उसी दिन बहादुरगढ़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती हुए।

अपेंडिक्स बताकर किया गया ऑपरेशन
शिकायत के अनुसार, अस्पताल के डॉक्टर ने उन्हें अपेंडिक्स की समस्या बताकर ऑपरेशन की सलाह दी। 27 जनवरी को उनका ऑपरेशन किया गया और बाद में उन्हें वार्ड के कमरा नंबर 104 में शिफ्ट कर दिया गया। सुरेन्द्र सिंह का आरोप है कि ऑपरेशन के बाद उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती रही, लेकिन बार-बार अनुरोध करने के बावजूद डॉक्टर और स्टाफ ने उनकी शिकायत पर ध्यान नहीं दिया।

सीटी स्कैन में सामने आई लापरवाही
10 फरवरी को हालत गंभीर होने पर सीटी स्कैन कराया गया, जिसमें कथित रूप से ऑपरेशन के दौरान पेट में कोई सामान छूट जाने की बात सामने आई। इसके बाद डॉक्टरों ने दोबारा ऑपरेशन की आवश्यकता बताई। सुरेन्द्र सिंह ने आरोप लगाया कि डॉक्टर और अस्पताल प्रबंधन की घोर लापरवाही से उनकी जान को खतरा उत्पन्न हो गया और उन्हें व उनके परिवार को मानसिक आघात पहुंचा।

पुलिस ने दर्ज किया मामला
पीड़ित ने उपचार से संबंधित बिल और जांच रिपोर्टों की प्रमाणित प्रतियां उपलब्ध कराने तथा जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। थाना शहर बहादुरगढ़ में 10 फरवरी 2026 को अभियोग संख्या 34 के तहत धारा 125(ए), 125(बी) एवं 3(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

 

Related Articles

Back to top button