नई दिल्ली
नामीबिया के कप्तान गेरहार्ड इरास्मस की अपरंपरागत स्पिन गेंदबाजी के सामने गुरुवार को भारतीय बल्लेबाज कमजोर नजर आए। उन्हें अब रविवार को कोलंबो में होने वाले T20 विश्व कप के महत्वपूर्ण मुकाबले से पहले पाकिस्तान के स्पिनर उस्मान तारिक की इसी तरह की गेंदबाजी के खतरे से निपटने के लिए कड़ी मेहनत करनी होगी।
नामीबिया के कप्तान गेरहार्ड इरास्मस की अपरंपरागत स्पिन गेंदबाजी के सामने गुरुवार को भारतीय बल्लेबाज कमजोर नजर आए। उन्हें अब रविवार को कोलंबो में होने वाले टी20 विश्व कप के महत्वपूर्ण मुकाबले से पहले पाकिस्तान के स्पिनर उस्मान तारिक की इसी तरह की गेंदबाजी के खतरे से निपटने के लिए कड़ी मेहनत करनी होगी।
इरास्मस और तारिक दोनों ही मूल रूप से ऑफ स्पिन गेंदबाजी करते हैं और उसमें असामान्य विविधताओं का इस्तेमाल करते हैं। इरास्मस ने गुरुवार रात को राउंड ऑर्म ऐक्शन से काफी गेंदें फेंकीं और उनकी स्टंप्स के काफी पीछे से फेंकी गई कुछ गेंदों ने भी भारतीय बल्लेबाजों को चकमा दिया।
उन्होंने चार ओवरों में 20 रन देकर चार विकेट लिए। इरास्मस ने डेथ ओवरों में भी बेहतरीन गेंदबाजी की और भारतीय बल्लेबाजों पर भारी पड़े। दूसरी ओर तारिक गेंद फेंकने से पहले एक अजीबोगरीब विराम लेते हैं। वह गेंद फेंकने के दौरान इतने समय तक रुक जाते हैं कि उनकी गेंदबाजी की वैधता पर सवाल उठाए जा रहे हैं।
भारत को टी20 विश्व कप में सपाट विकेटों की उम्मीद थी, लेकिन मुंबई और दिल्ली की पिचों ने बल्लेबाजों की खूब परीक्षा ली। कोलंबो की पिच पारंपरिक रूप से धीमी मानी जाती है जिससे दोनों टीमों के स्पिनरों को काफी मदद मिल सकती है। नामीबिया के खिलाफ भारत की तरफ से अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों में ईशान किशन भी शामिल थे और जीत के बाद उनसे पूछा गया कि क्या इरास्मस का सामना करना रविवार को तारिक और उनकी टीम के खिलाफ खेलने के लिए अच्छी तैयारी थी।
किशन ने कहा, 'मुझे लगता है कि हमने तैयारी पहले ही कर ली है। अब बस गेंद को देखना और अपना स्वाभाविक खेल खेलना बाकी है। इसलिए अगर गेंद सही जगह पर पड़ती है तो एक बल्लेबाज के रूप में हम बस आगे बढ़ना चाहते हैं क्योंकि यह एक टी20 मैच है।'
उन्होंने कहा, ‘हम अच्छा स्कोर बनाने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन हमें अपने मजबूत पक्षों पर भी भरोसा रखना होगा। तैयारी करने जैसी कोई बात नहीं है। मुझे लगता है कि इस स्तर पर हम बस कुछ वीडियो देखते हैं और हमें अंदाजा हो जाता है कि किस तरह की गेंद आने वाली है। इसलिए हम इसे सरल बनाए रख रहे हैं।’ किशन ने हालांकि स्वीकार किया कि अपरंपरागत ऐक्शन से गेंदबाजी करने वाला कोई गेंदबाज बल्लेबाज के दिमाग पर असर डाल सकता है।
उन्होंने कहा, ‘हां, कुछ गेंदों के लिए यह बात आपके दिमाग में चल सकती है, लेकिन मुझे लगता है कि इस स्तर पर आपको अपनी मजबूती पर भी भरोसा रखना होगा। भले ही वह कुछ करने की कोशिश कर रहा हो, हम छक्के या चौके लगा सकते हैं। जब गेंदबाज कुछ अलग करने की कोशिश कर रहा होता है, तो उस समय हम कैसे सोच रहे होते हैं, यह काफी मायने रखता है।’
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

