‘राया’ की दुनिया से रूबरू हुए फैंस, ‘टॉक्सिक’ के टीज़र में यश ने मचाया तहलका

मनोरंजन

मुंबई

‘केजीएफ’ स्टार यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘टॉक्सिक’ का टीजर आज रिलीज हो गया है। इसके साथ ही ‘टॉक्सिक’ की दुनिया से पर्दा हट गया है। फिल्म का पहला लुक सामने आने के बाद जैसी उम्मीद थी, टीजर बिल्कुल वैसा ही है।

1 मिनट 55 सेकंड के टीजर में कुछ भी अलग या नया नजर नहीं आता है। पूरे टीजर में सिर्फ एक्शन ही एक्शन दिखता है, फिल्म की कहानी के बारे में कुछ भी नहीं पता चलता है। टीजर की शुरुआत ही किसी मिशन की तैयारी से होती है, जहां पर बड़ा खतरा होने की बात कही जाती है। पूरे टीजर में सिर्फ यश की झलक ही देखने को मिलती है। फिल्म की बाकी कास्ट अभी भी गायब ही है। हां, 'केजीएफ' और बाकी एक्शन फिल्मों की तरह, यहां भी इतना तय है कि 'टॉक्सिक' में भी एक्शन नेक्स्ट लेवल का देखने को मिलेगा। टीजर में बर्फ से लदे पहाड़ों से लेकर डांस बार तक में सिर्फ एक्शन ही नजर आता है।

डबल रोल में दिखेंगे यश?
टीजर के अंत में एक सरप्राइज पैकेज दिखता है, जहां एक व्यक्ति फाइट की ट्रेनिंग कर रहा है और काफी खूंखार नजर आ रहा है। हालांकि, इस व्यक्ति की पूरी झलक अभी नहीं दिखाई गई है। लेकिन ऐसी संभावना जताई जा रही है कि फिल्म में यश डबल रोल में नजर आ सकते हैं और टीजर के अंत में दिखने वाला ये शख्स कोई और नहीं बल्कि यश ही हो सकते हैं। छोटे बालों और छोटी दाढ़ी वाले इस इंसान की अभी सिर्फ हल्की सी झलक दिखी है। इसके बाद ये चर्चाएं तेज हैं कि यश की फिल्म में दोहरी भूमिका हो सकती है।

गीतू मोहनदास ने किया है निर्देशन
गीतू मोहनदास द्वारा निर्देशित ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल ग्रोन अप्स’ में यश प्रमुख भूमिका में नजर आ रहे हैं। इसके अलावा फिल्म में कियारा आडवाणी, नयनतारा, हुमा कुरैशी, तारा सुतारिया और रुक्मणी वसंत भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी। ‘टॉक्सिक’ 19 मार्च को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। फिल्म की घोषणा के बाद से ही दर्शक इसका बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। वहीं जिस तरह का यश का फर्स्ट लुक वीडियो सामने आया था, उसके बाद फिल्म को लेकर लोगों की उत्सुकता और भी बढ़ गई है।

बॉक्स ऑफिस पर ‘धुरंधर 2’ से होगी टक्कर
‘टॉक्सिक’ साल 2026 की सबसे बहुप्रतीक्षित फिल्मों में से एक है। इस फिल्म को लेकर ज्यादा चर्चाएं इसलिए भी हैं क्योंकि बॉक्स ऑफिस पर इसका मुकाबला रणवीर सिंह की मच अवेटेड ‘धुरंधर 2’ से होगा। कई फिल्मों ने धुरंधर के कारण अपनी रिलीज डेट को बदल लिया है, लेकिन यश की टॉक्सिक उसी दिन रिलीज होगी। दोनों ही फिल्में 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही हैं। दोनों ही फिल्मों को लेकर बज बना हुआ है। ऐसे में बॉक्स ऑफिस पर एक तगड़ी टक्कर होने की उम्मीद है।

 

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry