अरुणा शंकर के समर्थन में मांगा वोट, पलामू में बॉलीवुड अभिनेत्री जया प्रदा का रोड शो

राज्य

रांची.

झारखंड में निकाय चुनाव के प्रचार का शोर शनिवार शाम पांच बजे पूरी तरह थम जाएगा. उससे पहले प्रत्याशी और उनके समर्थक जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत झोंक रहे हैं. इसी कड़ी में बॉलीवुड अभिनेत्री जया प्रदा पलामू पहुंचीं और भाजपा समर्थित मेयर प्रत्याशी अरुणा शंकर के समर्थन में रोड शो किया.

चैनपुर से शिवाजी बाजार तक निकला काफिला
जया प्रदा का रोड शो चैनपुर से शुरू हुआ. वहां से काफिला जिला स्कूल चौक, विष्णु मंदिर चौक होते हुए शिवाजी बाजार तक पहुंचा. पूरे रास्ते समर्थकों की भीड़ उमड़ी रही. जगह-जगह लोगों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया. ढोल-नगाड़ों की थाप और जयकारों के बीच रोड शो आगे बढ़ता रहा. रोड शो के दौरान जया प्रदा के साथ मेयर प्रत्याशी अरुणा शंकर भी मौजूद रहीं. दोनों ने हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन किया और समर्थन की अपील की. बड़ी संख्या में समर्थक पार्टी के झंडे और बैनर लेकर नारे लगाते नजर आए.

जनसभा में मांगा समर्थन
शिवाजी बाजार पहुंचकर जया प्रदा ने एक जनसभा को संबोधित किया. उन्होंने लोगों से अरुणा शंकर को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की. उन्होंने कहा कि नगर विकास के लिए मजबूत और ईमानदार नेतृत्व जरूरी है. सभा में मौजूद हजारों समर्थकों ने नारों के साथ उनका उत्साह बढ़ाया. पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे. निकाय चुनाव के प्रचार के अंतिम चरण में आयोजित इस रोड शो ने पलामू की राजनीतिक सरगर्मी को और तेज कर दिया है. अब सबकी नजरें मतदान और उसके परिणाम पर टिकी हैं.

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry