भोपाल
एम पी नगर प्रेस कॉम्प्लेक्स स्थित विशाल मेगा मार्ट में ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए लगाए जा रहे ऑफरों पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
22 फरवरी 2026 को शाम लगभग 6:30 बजे नितिन कुमार गुप्ता अपने परिवार के साथ खरीदारी के लिए पहुंचे। खरीदारी के दौरान उन्होंने देखा कि विभिन्न उत्पादों पर आकर्षक ऑफर प्रदर्शित किए गए थे। इसी दौरान रुचि सोयाबीन तेल के एक पैकेट पर ₹121 में 1 लीटर का रेट लिखा हुआ दिखाई दिया। कीमत उचित लगने पर उन्होंने उत्पाद अपनी ट्रॉली में रख लिया।
हालांकि संदेह होने पर जब उन्होंने पैकेट को ध्यान से देखा तो पाया कि वह 1 लीटर नहीं बल्कि 750 ग्राम का पैक था। स्टोर में कई स्थानों पर यही दर प्रदर्शित की गई थी, जिससे अन्य ग्राहक भी उसी भ्रम में उत्पाद खरीदते नजर आए।
गुप्ता ने तत्काल स्टाफ को बुलाया। प्रारंभ में कर्मचारियों ने अनिच्छा दिखाई, बाद में सुपरवाइजर को बुलाया गया। सुपरवाइजर ने इसे “एक जगह की गलती” बताया, लेकिन स्टोर में 10 से 15 स्थानों पर वही दर प्रदर्शित होने की बात सामने आई।
मैनेजर से शिकायत करने पर भी मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया। जब संबंधित तेल पैकेट की बिलिंग कराई गई तो बिल में उत्पाद का वजन स्पष्ट रूप से अंकित नहीं पाया गया, जिससे पारदर्शिता पर प्रश्न उठते हैं।
घर पहुंचकर अन्य सामान की जांच करने पर एक डोर मैट पर प्रदर्शित ऑफर भी बिल में लागू नहीं पाया गया, जबकि दूसरी डोर मैट पर 30 प्रतिशत छूट का उल्लेख था।
उपभोक्ताओं का कहना है कि इस प्रकार के ऑफर यदि स्पष्ट और पारदर्शी न हों तो वे ग्राहकों को भ्रमित कर सकते हैं। खरीदारी करते समय उत्पाद का वजन, मात्रा और बिल विवरण अवश्य जांचना चाहिए।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
