पूर्व महिला कप्तान की शिकायत पर कार्रवाई, BCB ने आरोपी चयनकर्ता पर लगाया बैन

खेल

ढाका
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने आखिरकार महिला क्रिकेट टीम की पूर्व कप्तान जहांआरा आलम के गंभीर आरोपों पर कार्रवाई की है। बोर्ड ने महिला टीम के पूर्व चयनकर्ता मोंजुरुल इस्लाम को बैन कर दिया है। आलम ने उन पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था। जांच के बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने मोंजुरुल इस्लाम को बीसीबी के तहत क्रिकेट से जुड़ी किसी भी प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष भूमिका से प्रतिबंधित कर दिया है। इस्लाम 2020 में बांग्लादेश की महिला टीम के मुख्य चयनकर्ता नियुक्त हुए थे। उन पर पूर्व कप्तान जहांआरा आलम ने यौन उत्पीड़न और गंभीर कदाचार का आरोप लगाया था। इसके बाद भी वह जून 2025 तक पद पर रहे और अपना कार्यकाल पूरा किया।

जहांआरा आलम ने पिछले साल इंटरव्यू में लगाए थे गंभीर आरोप
आलम ने पिछले साल एक इंटरव्यू के दौरान आरोप लगाया था कि इस्लाम ने राष्ट्रीय टीम का मैनेजर और मुख्य चयनकर्ता रहते हुए कई बार उन्हें गलत तरीके से छुआ और असहज करने वाली हाव-भंगिमाएं दिखाए। इतना ही नहीं, उन्होंने उनसे एक बार उनके मासिक धर्म के चक्र तक के बारे में पूछा था।

आलम के आरोपों पर तब बीसीबी के बड़े अधिकारियों ने नहीं की थी कार्रवाई
आलम ने यह भी आरोप लगाया था कि जब उन्होंने इस्लाम की करतूतों की शिकायत बीसीबी के बड़े अधिकारी नाडेल चौधरी और चीफ एग्जीक्यूटिव निजामुद्दीन चौधरी से की तो उसे बिल्कुल ही अनसुना कर दिया गया। जहांआरा ने बाद में मेंटल हेल्थ का हवाला देते हुए क्रिकेट से दूरी बना ली। वह दिसंबर 2024 के बाद से बांग्लादेश के लिए क्रिकेट नहीं खेली हैं। जहांआरा आलम के आरोपों के बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने मामले की जांच के लिए एक स्वतंत्र जांच समिति का गठन किया था। समिति ने इसी महीने बीसीबी को अपनी जांच रिपोर्ट सौंपी थी जिसके बाद बोर्ड ने मोंजुरुल पर प्रतिबंध का फैसला किया।

बीसीबी ने बाद में जांच के लिए बनाई थी समिति
रविवार को ढाका में बीसीबी की बोर्ड मीटिंग हुई जिसके बाद बयान जारी कर बताया गया कि इस्लाम को भविष्य में बांग्लादेश क्रिकेट में किसी भी तरह की भूमिका के लिए ब्लैकलिस्ट किया जाता है। बीसीबी की तरफ से जारी बयान में कहा गया, 'बांग्लादेश की राष्ट्रीय महिला टीम की पूर्व कप्तान जहांआरा आलम की शिकायत की जांच के लिए बीसीबी की तरफ से गठित स्वतंत्र जांच समिति के नतीजों के आधार पर बोर्ड ने पूर्व राष्ट्रीय क्रिकेटर मोंजुरुल इस्लाम को बीसीबी के तहत किसी भी तरह की क्रिकेट से जुड़ी गतिविधियों में प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष हर तरह की भूमिका से प्रतिबंधित किया जाता है।'

आगे और कार्रवाई कर सकता है बीसीबी
बयान से यह भी संकेत मिलता है कि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड पूर्व तेज गेंदबाज मोंजुरुल इस्लाम के खिलाफ और भी कार्रवाई कर सकता है। बयान में आगे कहा गया, 'बीसीबी समिति की सिफारिशों की समीक्षा कर रहा है और अगर रिपोर्ट के आधार पर आगे और भी कार्रवाई जरूरी हुई तो वो की जाएगी।'

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry