प्राग मास्टर्स अपडेट: गुकेश हारे, अरविंद ने संघर्ष के बाद ड्रॉ किया मुकाबला

खेल

प्राग
विश्व चैंपियन डी गुकेश को प्राग अंतरारष्ट्रीय शतरंज महोत्सव के मास्टर्स वर्ग के तीसरे दौर में नीदरलैंड के जॉर्डन वैन फोरेस्ट से हार का सामना करना पड़ा, जबकि अरविंद चिदंबरम ने ईरान के परहम मगसूदलू के साथ ड्रॉ खेला। टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत की तलाश में लगे गुकेश ने वैन फोरेस्ट के खिलाफ शुरू से अच्छा प्रदर्शन नहीं किया। वह मैच में किसी भी समय अपनी पकड़ नहीं बना पाए। फोरेस्ट ने सफेद मोहरों से खेलते हुए रूय लोपेज़ शैली का इस्तेमाल किया और टार्टाकोवर वेरिएशन में बिशप की जोड़ी के साथ शुरुआती बढ़त हासिल कर ली।

इससे भारतीय खिलाड़ी दबाव में आ गया और उन्हें अपना एक मोहरा गंवाना पड़ा। तकनीकी पेचीदगियां तो बनी रहीं, लेकिन तब तक फोरेस्ट जीत की स्थिति में नहीं दिख रहे थे। रानी के आदान-प्रदान के बाद गुकेश की स्थिति खराब हो गई और फोरेस्ट ने 48 चाल में जीत हासिल की। इस जीत से फोरेस्ट ने फिर से संयुक्त बढ़त हासिल कर ली है। वह इस प्रतियोगिता में एकमात्र खिलाड़ी हैं जिनके तीनों मैच को निर्णय निकला। फोरेस्ट के दो अंक हैं और वह उज़्बेकिस्तान की जोड़ी नोदिरबेक याकुबोए और नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव तथा स्थानीय खिलाड़ी डेविड नवारा के साथ संयुक्त बढ़त पर हैं।

दस खिलाड़ियों के बीच खेले जा रहे हैं इस टूर्नामेंट में अभी छह दौर का खेल होना बाकी है। गुकेश, जर्मनी के शीर्ष वरीयता प्राप्त विन्सेंट कीमर, अमेरिका के हैंस मोके नीमन और मगसूदलू सातवें स्थान पर हैं। इन सभी ने अपने तीन मैचों में एक-एक अंक हासिल किया है। इस प्रतियोगिता में भाग ले रहे दूसरे भारतीय खिलाड़ी अरविंद ने मगसूदलू के साथ ड्रॉ खेला और अपने अंकों की संख्या 1.5 तक पहुंचा दी। स्पेन के डेविड एंटोन गुइजारो के भी इतने ही अंक हैं।

चैलेंजर्स वर्ग में खेल रहे भारत के दोनों खिलाड़ियों दिव्या देशमुख और सूर्या शेखर गांगुली को हार का सामना करना पड़ा। महिला विश्व कप विजेता दिव्या चीन की जिनेर झू के खिलाफ काले मोहरों से खेलते हुए हार गईं, जबकि गांगुली को चेक गणराज्य के जैचिम नेमेक ने हराया। गांगुली का पहले तीन दौर के बाद आधा अंक है, जबकि दिव्या का एक अंक है। चेक गणराज्य के फाइनक वाक्लाव 2.5 अंकों के साथ इस वर्ग में सबसे आगे हैं।

 

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry