बेंगलुरु
दो बार की ओलंपिक पदक विजेता बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधु आखिरकार सुरक्षित अपने घर बेंगलुरु लौट आई हैं. मध्य-पूर्व में बढ़ते अमेरिका-ईरान-इजरायल तनाव के कारण एयरस्पेस बंद होने से वह कई दिनों तक दुबई में फंसी रहीं. इस दौरान पास में हुए एक धमाके के बाद दुबई एयरपोर्ट से उड़ानें निलंबित कर दी गई थीं, जिससे हालात और अनिश्चित हो गए |
स्थिति के चलते सिंधु को 3 मार्च 2026 से बर्मिंघम में शुरू हो रहे प्रतिष्ठित ऑल इंग्लैंड ओपन चैम्पियनशिप (All England Open Championships) से नाम वापस लेना पड़ा. यह टूर्नामेंट बैडमिंटन वर्ल्ड फेडरेशन (BWF) का सुपर 1000 इवेंट है और पेरिस ओलंपिक साइकिल की तैयारी के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा था. ऐसे में उनका बाहर होना बड़ी बाधा के रूप में देखा जा रहा है |
सिंधु अपनी टीम के साथ जिसमें इंडोनेशियाई कोच इरवांस्याह अदी प्रतामा भी शामिल थे, दुबई में फंस गए थे और उनके ठहरने की जगह के पास हुए धमाके के बाद वे बाल-बाल बच गईं. हालांकि उन्हें एक सुरक्षित जगह पर ले जाया गया, लेकिन तनावपूर्ण स्थिति और यात्रा में रुकावटों के कारण ओलंपिक मेडलिस्ट को ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप से हटना पड़ा.
बेंगलुरु पहुंचने के बाद सिंधु ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट साझा किया. उन्होंने लिखा कि पिछले कुछ दिन बेहद तनावपूर्ण और अनिश्चित रहे, लेकिन सुरक्षित घर लौटकर आभारी महसूस कर रही हैं. उन्होंने दुबई प्रशासन, एयरपोर्ट स्टाफ, इमिग्रेशन अधिकारियों और ग्राउंड टीमों का विशेष धन्यवाद किया, जिन्होंने मुश्किल समय में सहानुभूति और पेशेवर रवैया दिखाया |
सिंधु ने संकेत दिए कि फिलहाल वह आराम करेंगी, खुद को रीसेट करेंगी और आगे की ट्रेनिंग योजना पर विचार करेंगी. हालांकि, मौजूदा हालात को देखते हुए उनके अगले टूर्नामेंट और अभ्यास कार्यक्रम को लेकर तस्वीर साफ नहीं है |
विमल कुमार ने बताया पीवी सिंधु निराश थीं
इससे पहले भारत के पूर्व कोच विमल कुमार ने PTI को बताया कि सिंधु सड़क के रास्ते ओमान जाने के बारे में सोच रही थीं. उन्होंने कहा कि एक एथलीट के लिए यह मुश्किल होता है क्योंकि वह सच में बहुत अच्छी दिख रही थीं और उनकी पूरी टीम ऑल इंग्लैंड को लेकर उत्साहित थी. उन्होंने सड़क के रास्ते ओमान जाने के बारे में भी सोचा था, लेकिन यह बहुत रिस्की होता, इसलिए उन्होंने प्लान छोड़ दिया |
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
