होली की रात बना खूनी खेल, दोस्तों ने मिलकर युवक को उतारा मौत के घाट

मध्य प्रदेश राज्य

भोपाल

निशातपुरा क्षेत्र स्थित बेस्ट प्राइज तिराहे पर होली के दिन रोड रेज में युवक की हत्या करने वाले चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर पुलिस ने जेल भेज दिया है। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे बुधवार शाम को होली पार्टी से लौट रहे थे और सभी शराब के नशे में थे।

इसी दौरान जब कट लगने पर बाइक सवार ने विवाद शुरू किया तो नशे में उसे चाकू घोंप दिया। निशातपुरा पुलिस आरोपितों के पुराने रिकार्ड की जांच कर रही है।

हालांकि अब तक किसी पुराना आपराधिक रिकार्ड नहीं मिला है। पुलिस के अनुसार बुधवार शाम करीब सात बजे चारों आरोपित एक फार्म हाउस से पार्टी कर अपने घर विश्वकर्मा नगर लौट रहे थे।

बेस्ट प्राइज तिराहे के पास उनकी कार और बाइक सवार युवक अरविंद मीणा के बीच कट मारने को लेकर विवाद हो गया। दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी और गाली-गलौज हुई। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि विवाद के दौरान अरविंद ने जेब से चाकू निकालकर उन्हें धमकाना शुरू कर दिया।

इससे कार सवार युवक भड़क गए। तीन आरोपित 24 वर्षीय नरेंद्र सिंह उर्फ निक्की, 20 वर्षीय ऋषि दांगी निवासी विश्वकर्मा नगर, करोंद और मालीखेड़ी निवासी 26 वर्षीय आशीष राजपूत ने अरविंद मीणा को पीछे से पकड़ा।

वहीं विश्वकर्मा नगर में रहने वाले चौथे दोस्त विकास जोशी उर्फ विक्की ने अरविंद से चाकू छीनकर उसके सीने में घोंप दिया। हत्या के बाद चारों आरोपित घर जाने की बजाए अलग-अलग क्षेत्रों में छुप गए।

निशातपुरा पुलिस ने दबिश देकर पहले कार मालिक नरेंद्र से संपर्क कर उसे पकड़ा और फिर उसकी निशानदेही पर अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी हुई। एसआइ श्रीकांत द्विवेदी ने बताया कि सभी आरोपितों को जेल भेज दिया गया है।

 

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry