लुधियाना में बेकाबू युवक का तांडव: ASI पर कांच से हमला, वर्दी फाड़कर किया हंगामा

राज्य

लुधियाना
महानगर में कानून का खौफ खत्म होता नजर आ रहा है, जहां अब खाकी पर भी हमला करने से अपराधी गुरेज नहीं कर रहे। लुधियाना पी.सी.आर.-21 में तैनात पुलिस कर्मियों पर ड्यूटी के दौरान हमला करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शराब के नशे में धुत एक युवक ने न केवल ए.एस.आई. की वर्दी फाड़ दी, बल्कि पुलिस कर्मी पर कांच की बोतल से हमला कर उसे घायल कर दिया।

इस मामले में थाना मोती नगर की पुलिस ने आरोपी सलीम मसीह विक्की के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मिली जानकारी के अनुसार, पी.सी.आर.-21 में तैनात शिकायतकर्ता मुलाजिम बलविंदर सिंह ने बताया कि 7 मार्च को वह अपने साथी कर्मचारी ए.एस.आई. सरबजीत सिंह के साथ ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि मोहित कुमार नामक व्यक्ति का अपने चचेरे भाई सलीम मसीह के साथ झगड़ा हो रहा है। सूचना मिलते ही जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तो देखा कि आरोपी सलीम मसीह अपने चाचा तिलक मसीह के साथ मारपीट कर रहा था।

जब पुलिस टीम ने बीच-बचाव कर उसे रोकने की कोशिश की, तो अत्यधिक शराब पीए हुए सलीम मसीह ने पुलिस वालों के साथ ही धक्का-मुक्की शुरू कर दी। हंगामा इतना बढ़ गया कि आरोपी ने ए.एस.आई. सरबजीत सिंह की वर्दी फाड़ दी और सरकारी ड्यूटी में खलल डाला। इसी बीच आरोपी ने उसे जान से मारने की नीयत से उसके गले पर कांच से हमला करने की कोशिश की। बचाव के दौरान कांच का वार मुलाजिम के बाएं कंधे पर लगा, जिससे वह घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी विक्की (सलीम) मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संगीन धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसकी तलाश के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।

 

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry