गुरुग्राम में अनोखा हनीट्रैप कांड: ब्लड सैंपल का बहाना, युवती सहित तीन गिरफ्तार

राज्य

गुरुग्राम
गुरुग्राम में हनीट्रैप का एक नया और चौकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक लैब कर्मी को एक युवती ने ब्लड सैंपल के बहाने फ्लैट पर बुलाया। फिर उसके साथियों ने उसके साथ मारपीट कर उसका न्यूड वीडियो बनाया और 1.63 लाख रुपए वसूल लिए। आरोपी उस पर और भी पैसे देने के लिए उसे तंग करने लगे और 5 लाख रुपये मांगने लगे। इस से तंग आकर पीड़ित युवक ने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने 24 साल की ज्योति व उसके दो साथियों को ब्लैकमेलिंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।

उसके दोनों साथियों की पहचान
राजस्थान के अलवर जिले के गांव काहनावास निवासी हरीश यादव उर्फ मोनू और हरियाणा के महेंद्रगढ़ के गांव खैरोली के रहने वाले श्याम सुंदर उर्फ अशोक के रूप में हुई है। ज्योति गुरुग्राम के ताजनगर की रहने वाली है। पुलिस ने आरोपियों से 1.63 लाख रुपए, स्कॉर्पियो गाड़ी और 4 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

रिपोर्ट व्हाट्सएप पर लेने के लिए ले लिया मोबाइल नंबर
पीड़ित युवक ने 6 मार्च को पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह सेक्टर-83 की एक लैब में काम करता है। 25 फरवरी को यह एवीएल 36 सोसाइटी मोहम्मदपुर में ज्योति नामक लड़की का ब्लड सैंपल लेने गया था। ज्योति ने ब्लड रिपोर्ट व्हाट्सएप पर लेने के लिए उसका मोबाइल नंबर ले लिया। इसके बाद ज्योति ने ब्लैकमेलिंग का खेल शुरू किया। दो मार्च को फिर से ज्योति ने उसे ब्लड सैंपल लेने के लिए बुलाया।

ब्लैकमेल कर ट्रांसफर कराई रकम
फ्लैट में जाने के कुछ देर बाद ज्योति ने दरवाजा खोलकर छोड़ दिया, तभी वहां पर 24-25 साल के दो युवक आए। दोनों लोगों ने उसके साथ मारपीट करते हुए कपड़े उतार दिए और न्यूड वीडियो बना ली। आरोपियों ने उसे ब्लैकमेल करके रुपए ट्रांसफर करवा लिए। इसके बाद तीनों पीड़ित को स्कॉर्पियो गाड़ी में लेकर गए और मारपीट की।

न्यूड वीडियो वायरल करने की धमकी दे 5 लाख मांगे
आरोपी फोन करके लगातार उस पर रुपए का दबाव बना रहे थे। उन्होंने पीड़ित से पांच लाख रुपए की डिमांड की। पैसे नहीं देने पर उसकी न्यूड वीडियो वायरल करने की धमकी देने लगे। पीड़ित ने अपने एक परिचित को घटना के बारे में बताया और उसे साथ लेकर सेक्टर-37 थाने में शिकायत दी। इसके बाद जिसके बाद पुलिस एक्टिव हुई और ज्योति व उसके दो साथियों हरीश यादव उर्फ मोनू और श्याम सुंदर उर्फ अशोक को ब्लैकमेलिंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।

पैसे कमाने के चक्कर में गिरोह बनाया
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि महेंद्रगढ़ का अशोक बीटेक पास है, उस पर पहले भी मारपीट के केस दर्ज हैं। वो राजस्थान के हरीश का दोस्त है। पिछले साल इनकी दोस्ती इंस्टाग्राम पर ज्योति से हुई। हरीश और ज्योति 12वीं पास है। तीनों बेरोजगार थे और पैसे कमाने के चक्कर में तीनों ने गिरोह बनाया। लैब कर्मी के साथ वारदात को अंजाम दिया।

गिरोह कितनों को बचा चुका है शिकार?
पुलिस अब मामले की गहनता से जांच कर रही है। तीनों बेरोजगार होने के बावजूद गाड़ी में चलते थे। पुलिस अब जांच कर रही है कि यह गिरोह पहले भी और कितने लोगों को शिकार बना चुका है। पुलिस तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर उन्हें रिमांड पर लेगी जिसके बाद उनकी तरफ से अंजाम दी गई वारदातों का पता चलेगा।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry