मेडिकल PG DM-MCh सीटों की पूरी जानकारी: राज्यवार और कॉलेजवार आंकड़े

Spread the love

नई दिल्ली

मेडिकल पीजी कोर्सेज में दाखिला लेना चाह रहे MBBS डॉक्टरों के लिए नीट एसएस (NEET SS) काउंसलिंग की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) 10 मार्च 2026 से नीट एसएस काउंसलिंग 2026 राउंड-1 के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू कर चुका है। यह काउंसलिंग डॉक्टर ऑफ मेडिसिन (DM), मास्टर ऑफ चिरुर्गिया (MCh) और DrNB सुपर स्पेशियलिटी कोर्सेज में एडमिशन के लिए आयोजित की जा रही है। इस बीच एनएमसी यानी नेशनल मेडिकल कमिशन ने देश में उपलब्ध मेडिकल पीजी सुपर स्पेशियलिटी डीएम व एमसीएच सीटों की डिटेल्स जारी कर दी है। नीचे दिए गए लिंक से स्टूडेंट्स सीट मैट्रिक्स देख सकते हैं।

एनएमसी ने नोटिस में कहा, 'सभी मेडिकल कॉलेजों/संस्थानों से अनुरोध है कि वे अपने-अपने संस्थानों के सामने प्रदर्शित सीटों की संख्या को सत्यापित और पुष्टि करें। किसी भी विसंगति के मामले में, इसकी सूचना मेडिकल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड (MARB), NMC को सहायक दस्तावेजों के साथ, इस नोटिस की तारीख से 15 दिनों के भीतर निम्नलिखित ईमेल पर दी जानी चाहिए- monitoring.cell@nmc.org.in

निर्धारित समय के भीतर किसी भी विसंगति की रिपोर्ट न करने पर, संबंधित कॉलेज/संस्थान द्वारा NMC एडमिशन पोर्टल पर छात्रों के विवरण को अपडेट करने की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। शैक्षणिक वर्ष 2025-26 के लिए स्वीकृत PG सीटों हेतु LOP (अनुमति पत्र) जारी करने की प्रक्रिया चल रही है। काउंसलिंग अधिकारियों को काउंसलिंग प्रक्रिया में इन सीटों को शामिल करने के लिए संस्थानों से LOP प्राप्त होने का इंतजार करने की आवश्यकता नहीं है। वेबसाइट पर अपलोड की गई मैट्रिक्स को ही काउंसलिंग प्रक्रिया के लिए एक वैध दस्तावेज माना जाएगा।'

सूची में देश भर के विभिन्न राज्यों (जैसे आंध्र प्रदेश, असम, बिहार, दिल्ली, गुजरात, कर्नाटक, केरल आदि) के सरकारी और निजी संस्थानों में DM (जैसे कार्डियोलॉजी, न्यूरोलॉजी, नेफ्रोलॉजी) और M.Ch (जैसे यूरोलॉजी, न्यूरो सर्जरी, प्लास्टिक सर्जरी) जैसे सुपर-स्पेशियलिटी पाठ्यक्रमों की सीटों का विस्तृत विवरण है।

कुछ राज्यों का सीट ब्योरा

उत्तर प्रदेश: संजय गांधी पीजीआई (SGPGI), लखनऊ (Govt) में नेफ्रोलॉजी (10), यूरोलॉजी (6), और गैस्ट्रोएंटरोलॉजी (6) सहित कई सीटें हैं। किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में कार्डियोलॉजी की 12 और न्यूरोलॉजी की 10 सीटें हैं।

राजस्थान: एसएमएस (SMS) मेडिकल कॉलेज, जयपुर (Govt) में न्यूरोलॉजी की 15, न्यूरो सर्जरी की 14 और पीडियाट्रिक सर्जरी की 10 सीटें आवंटित हैं।

दिल्ली: सरकारी क्षेत्र में वर्धमान महावीर मेडिकल कॉलेज और सफदरजंग अस्पताल में कार्डियोलॉजी (8), न्यूरोलॉजी (3), और यूरोलॉजी (5) जैसी कई सीटें उपलब्ध हैं। जी.बी. पंत संस्थान में कार्डियोलॉजी की 7 और न्यूरोलॉजी की 6 सीटें हैं।

महाराष्ट्र: टाटा मेमोरियल सेंटर, मुंबई (Govt) में सर्जिकल ऑन्कोलॉजी और मेडिकल ऑन्कोलॉजी प्रत्येक के लिए 24 सीटें हैं। ग्रांट मेडिकल कॉलेज, मुंबई (Govt) में कार्डियोलॉजी (5) और नेफ्रोलॉजी (3) जैसी सीटें हैं।

आंध्र प्रदेश: यहां सरकारी कॉलेजों जैसे आंध्र मेडिकल कॉलेज, विशाखापत्तनम में विभिन्न विशिष्टताओं (जैसे कार्डियोलॉजी, न्यूरोलॉजी) में कुल 50 सीटें हैं। निजी/ट्रस्ट क्षेत्र में नारायणा मेडिकल कॉलेज, नेल्लोर में कुल 18 सीटें और जीएसएल (GSL) मेडिकल कॉलेज, राजमुंदरी में 14 सीटें दिखाई गई हैं

कर्नाटक: श्री जयदेव इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियोलॉजी (Govt) में कार्डियोलॉजी की 29 सीटें और कार्डियक एनेस्थीसिया की 12 सीटें हैं । बैंगलोर मेडिकल कॉलेज (Govt) में कुल 24 सीटें विभिन्न पाठ्यक्रमों में हैं। निजी क्षेत्र में कस्तूरबा मेडिकल कॉलेज, मणिपाल (Trust) एक प्रमुख संस्थान है जहां दर्जनों सुपर-स्पेशलिटी सीटें उपलब्ध हैं

काउंसलिंग का शेड्यूल (राउंड-1)

रजिस्ट्रेशन की अवधि: 10 मार्च से 15 मार्च 2026 (दोपहर 12 बजे तक)।

शुल्क भुगतान की अंतिम तिथि: 15 मार्च 2026 (दोपहर 3 बजे तक)।

चॉइस फिलिंग (कॉलेज चुनना): 11 मार्च से 16 मार्च 2026 (रात 11:55 बजे तक)।

चॉइस लॉकिंग: 16 मार्च 2026 (शाम 4 बजे से रात 11:55 बजे तक)।

सीट आवंटन परिणाम: 18 मार्च 2026।

कॉलेज में रिपोर्टिंग: 19 मार्च से 25 मार्च 2026 के बीच।

रजिस्ट्रेशन शुल्क और सुरक्षा राशि

नीट एसएस काउंसलिंग में भाग लेने के लिए उम्मीदवारों को भारी-भरकम शुल्क का भुगतान करना होता है, जिसे दो भागों में बांटा गया है। रजिस्ट्रेशन शुल्क 5,000 रुपये ( नॉन-रिफंडेबल यानी वापस नहीं होने वाला शुल्क) है। सुरक्षा जमा राशि 2,00,000 रुपये (यह रिफंडेबल है) है। कुल मिलाकर, उम्मीदवारों को रजिस्ट्रेशन के समय 2,05,000 रुपये का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा।

 

Related Articles

Back to top button