कोलकाता
बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए विपक्षी भाजपा द्वारा पहली सूची जारी करने के अगले दिन सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने भी मंगलवार को अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी। मुख्यमंत्री और टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी ने अपने कालीघाट स्थित आवास से दोपहर में राज्य की कुल 294 में से 291 सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की। राज्य की कुल 294 विधानसभा सीटों में से पिछली बार की ही तरह तीन सीटें दार्जिलिंग पर्वतीय क्षेत्र की सहयोगी पार्टी (जीटीए प्रमुख अनित थापा) के लिए छोड़ी गई है, इसलिए उन पर टीएमसी ने उम्मीदवार नहीं उतारे हैं।
भवानीपुर में कड़ी टक्कर
उम्मीदवारों की सूची जारी करने के मौके पर तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने घोषणा की कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी इस बार अपनी पारंपरिक सीट कोलकाता के भवानीपुर से ही चुनाव लड़ेंगी। भवानीपुर में ममता बनर्जी का मुकाबला भाजपा नेता व विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी से होगा।
भाजपा ने सुवेंदु को इस बार दो विधानसभा सीटों- नंदीग्राम के अलावा भवानीपुर से उम्मीदवार बनाया है। पार्टी ने इस बार नंदीग्राम से सुवेंदु अधिकारी के खिलाफ पवित्र कर को टिकट दिया है। बताते चलें कि ममता 2021 के पिछले विधानसभा चुनाव में भवानीपुर से नहीं लड़कर नंदीग्राम सीट से चुनाव लड़ी थीं, जहां बेहद करीबी मुकाबले में उन्हें सुवेंदु से 1956 वोटों से हार का सामना करना पड़ा था।
युवा चेहरों को मिला मौका
ममता ने 2021 में अपनी पारंपरिक सीट भवानीपुर से पार्टी के वरिष्ठ नेता शोभनदेव चट्टोपाध्याय को उम्मीदवार बनाया गया था। नंदीग्राम में हार के पश्चात ममता बाद में भवानीपुर से उपचुनाव में जीत दर्ज की थीं।
इधर, पार्टी द्वारा जारी सूची में सामाजिक संतुलन पर जोर दिया गया है। घोषित उम्मीदवारों में इस बार 52 महिलाएं, 78 अनुसूचित जाति, 17 अनुसूचित जनजाति और 47 मुस्लिम समुदाय के उम्मीदवार शामिल हैं।
टीएमसी ने इस बार कई नए और युवा चेहरों को मौका देते हुए कई मौजूदा विधायकों व कई मंत्रियों के टिकट भी काटे हैं। साथ ही कई विधायकों का सीट भी बदल दिया गया है। बताते चलें कि ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस 2011 से लगातार बंगाल की सत्ता पर काबिज है। क्रिकेटर व मंत्री मनोज तिवारी का टिकट कटा है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
