नेपाल में हेलिकॉप्टर क्रैश, लैंडिंग के वक्त हुआ हादसा, एक परिवार जा रहा था अंतिम संस्कार

दुनिया

 काठमांडू
नेपाल के खोटांग जिले में बुधवार को एक बड़ा हादसा टल गया. एयर डायनेस्टी का एक हेलिकॉप्टर लैंडिंग के दौरान अचानक पलटकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इस हेलिकॉप्टर में एक ही परिवार के पांच लोग सवार थे, जो काठमांडू से अपने एक परिजन के अंतिम संस्कार में शामिल होने खोटांग जा रहे थे।

जिस परिवार पर पहले से ही दुख का पहाड़ टूटा था, उनके लिए यह हादसा किसी बुरे सपने जैसा था. दरअसल, नागमणि राई की पत्नी मनमछी राई का यूके (UK) में निधन हो गया था और उनका शव अंतिम विदाई के लिए नेपाल लाया गया था. हेलिकॉप्टर में जगह कम होने की वजह से शव को गाड़ी से भेजा गया, जबकि परिवार के पांच सदस्य हवाई रास्ते से खोटांग जा रहे थे. इसी दौरान लैंडिंग के समय यह हादसा हो गया।

कैसे हुआ हादसा?

नेपाल नागरिक उड्डयन प्राधिकरण (क्यान) के मुताबिक, हेलिकॉप्टर ने सुबह 11 बजे काठमांडू से उड़ान भरी थी. करीब 50 मिनट बाद जब यह खोटांग के केपिलासगढी में लैंड कर रहा था, तभी इसका संतुलन बिगड़ गया और यह जमीन पर गिरकर पलट गया. गनीमत यह रही कि इस डरावने हादसे में किसी की जान नहीं गई. पायलट समेत सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकल आए, बस काजीबहादुर राई नाम के एक शख्स के पैर में मामूली चोट आई है।

हादसे के तुरंत बाद कंपनी ने दूसरा हेलिकॉप्टर भेजा और घायल काजीबहादुर को रेस्क्यू करके वापस काठमांडू लाया गया, जो पत्नी को आखिरी विदाई देने जा रहे थे, उनके लिए यह पल काफी मुश्किल भरा रहा, लेकिन राहत की बात यही है कि मौत के मुंह से सब सही-सलामत बच निकले।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry