राजधानी में बेखौफ बदमाश: सीलमपुर में कारोबारी से करोड़ों का सोना लूटकर हुए फरार

राज्य

नई दिल्ली
दिल्ली के सीलमपुर इलाके में सोमवार रात को बदमाशों ने चांदनी चौक के एक स्वर्ण व्यवसायी और उनके पिता से करीब डेढ़ करोड़ रुपये का सोना और उनकी स्कूटी लूट ली। यह वारदात पुलिस उपायुक्त कार्यालय के पास हुई जहां पहले से घात लगाए बदमाशों ने उनकी स्कूटी को टक्कर मारकर विवाद शुरू किया और फिर स्कॉर्पियो सवार साथियों के साथ मिलकर लूटपाट की। वारदात के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपियों की तलाश में जुटी है।

डेढ़ करोड़ से ज्यादा का सोना और स्कूटी लूटी
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि उत्तर-पूर्वी दिल्ली जिला पुलिस उपायुक्त कार्यालय और सीलमपुर पुलिस बूथ के पास सोमवार देर रात कार सवार बदमाशों ने एक कारोबारी से डेढ़ करोड़ से ज्यादा का सोना व स्कूटी लूट ली। वारदात के बाद आरोपी आराम से मौके से फरार हो गए।

भोपुरा बॉर्डर के पास खड़ी मिली स्कॉर्पियो कार
वारदात के कुछ ही देर बाद पुलिस को वारदात में शामिल एक स्कॉर्पियो कार भोपुरा बॉर्डर के पास खड़ी मिली, लेकिन कार सवार बदमाश फरार थे। पुलिस ने पीड़ित कारोबारी की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज व स्कॉर्पियो कार की मद्द से आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।

पीड़ित का गोल्ड का कारोबार
पुलिस उपायुक्त आशीष मिश्रा ने बताया कि पीड़ित कारोबारी 24 वर्षीय प्रथम बंसल अपने परिवार के साथ राम नगर, शाहदरा में रहता है। वह अपने पिता अनेश बंसल के साथ चांदनी चौक के कूचा महाजनी इलाके में सोने का कारोबार करते हैं।

स्कूटी को पीछे से मारी टक्कर
पुलिस को दिए बयान में प्रथम बंसल ने बताया कि सोमवार रात करीब 8:30 बजे वह अपने पिता अनेश बंसल के साथ स्कूटी से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे वेलकम मेट्रो स्टेशन के पास पहुंचे, तभी स्कूटी पर सवार दो युवकों ने उनकी स्कूटी को पीछे से टक्कर मार दी।

सोने की चेन, सोने की छड़ और स्कूटी लूटी
टक्कर मारने के बाद आरोपी उनसे बहस करने लगे, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। इसी दौरान एक स्कॉर्पियो कार में सवार दो अन्य व्यक्ति मौके पर पहुंचे और पहले से मौजूद हमलावरों के साथ मिलकर उन्हें घेर लिया। इसके बाद चारों बदमाशों ने मिलकर उनसे सोने की चेन, सोने की छड़ और उनकी स्कूटी छीन ली और मौके से फरार हो गए।

सीसीटीवी फुटेज की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और इलाके में नाकाबंदी कर दी गई। जांच के दौरान संदिग्ध स्कॉर्पियो कार भोपुरा सीमा के पास लावारिस हालत में मिली। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि वारदात को सोच समझकर अंजाम दिया गया है। आरोपियों ने पहले से पीड़ित की रेकी की हो सकती है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए गठित की गई हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की छानबीन कर रही है।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry