राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE) के लाखों छात्र-छात्राओं के लिए बड़ी और खुशखबरी वाली खबर आ रही है। बोर्ड ने कक्षा 12वीं के तीनों स्ट्रीम—आर्ट्स, कॉमर्स और साइंस—का रिजल्ट जारी करने की तिथि घोषित कर दी है। कल, यानी 31 मार्च (मंगलवार) को सुबह ठीक 10 बजे राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर बोर्ड मुख्यालय से नतीजों की घोषणा करेंगे।
इस बार राजस्थान बोर्ड ने अपनी कार्यकुशलता से सबको हैरान कर दिया है। बोर्ड ने न केवल समय पर परीक्षाएं संपन्न कराईं, बल्कि रिकॉर्ड समय में मूल्यांकन कार्य पूरा कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। विद्यार्थी rajeduboard.rajasthan.gov.in पर जाकर अपना रिजल्ट चेक कर सकेंगे। रोल नंबर डालकर अपना परिणाम देख सकेंगे। नतीजे ( BSER RBSE Class 12 Result 2026 ) लाइव हिन्दुस्तान वेबसाइट पर भी चेक किए जा सकेंगे।
इतिहास में पहली बार: मार्च में ही आ रहा 12वीं का रिजल्ट
राजस्थान बोर्ड के इतिहास में यह पहला मौका है जब 12वीं कक्षा का परिणाम मार्च महीने में ही घोषित किया जा रहा है। आमतौर पर 12वीं के नतीजे मई या जून के महीने में आते थे, लेकिन इस बार बोर्ड ने अपनी परंपरा को बदलते हुए नया इतिहास रचा है।
एक और दिलचस्प बात यह है कि इस साल 10वीं का रिजल्ट (24 मार्च) 12वीं से पहले ही जारी कर दिया गया। यह भी बोर्ड के इतिहास में पहली बार हुआ है कि सीनियर सेकेंडरी से पहले सेकेंडरी के नतीजे जारी किए गए।
सबसे कम समय में परिणाम जारी करने का रिकॉर्ड
इस साल 12वीं की परीक्षाएं 11 मार्च को खत्म हुई थीं। परीक्षाओं के खत्म होने के महज कुछ ही दिनों के भीतर बोर्ड रिजल्ट जारी करने जा रहा है। इससे पहले सबसे कम समय में रिजल्ट जारी करने का रिकॉर्ड साल 2022 के नाम था, जब 26 अप्रैल को परीक्षाएं खत्म होने के बाद 1 जून (यानी 35 दिन) में रिजल्ट आया था। लेकिन 2026 में बोर्ड ने उस रिकॉर्ड को भी ध्वस्त कर दिया है।
9 लाख से ज्यादा छात्रों का भविष्य कल होगा साफ
कल घोषित होने वाले नतीजों में कुल 9,10,009 (9 लाख 10 हजार 9) रजिस्टर्ड परीक्षार्थियों का भाग्य तय होगा। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर खुद बटन दबाकर पोर्टल पर नतीजे लाइव करेंगे। बोर्ड अधिकारियों का कहना है कि रिजल्ट को लेकर सभी तकनीकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं ताकि भारी ट्रैफिक के बावजूद वेबसाइट सुचारू रूप से काम कर सके।
पिछले तीन सालों से बढ़ रहा है सफलता का ग्राफ
आंकड़ों पर नजर डालें तो राजस्थान बोर्ड का प्रदर्शन लगातार सुधर रहा है। पिछले तीन वर्षों से आर्ट्स, कॉमर्स और साइंस—तीनों ही स्ट्रीम का पास प्रतिशत लगातार बढ़ रहा है। हालांकि कोरोना काल में परीक्षाएं नहीं हुई थीं और प्रमोट किए जाने के कारण रिजल्ट 99 प्रतिशत से भी अधिक रहा था, लेकिन उसके बाद भी नियमित परीक्षाओं में छात्रों का प्रदर्शन सराहनीय रहा है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
