MI vs DC,हार्दिक की पलटन में शामिल हुआ कीवी स्पिनर, क्या गजनफर की जगह सैंटनर को मिलेगी प्लेइंग इलेवन में जगह

Spread the love

नई दिल्ली
आईपीएल 2026 का आगाज जीत के साथ करने वाली मुंबई इंडियंस (एमआई) की टीम के लिए अच्छी खबर आई है। न्यूजीलैंड के स्पिन गेंदबाज मिचेल सैंटनर टीम से जुड़ गए हैं और वह दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 4 अप्रैल को होने वाले मुकाबले में सिलेक्शन के लिए उपलब्ध रह सकते हैं।

क्रिकबज के अनुसार, मिचेल सैंटनर दिल्ली में मुंबई इंडियंस से जुड़े हैं, जहां दोनों टीमों के बीच अगला मुकाबला अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है। सैंटनर शनिवार को दिल्ली के खिलाफ मुंबई की प्लेइंग इलेवन का हिस्सा बन सकते हैं। मुंबई ने आईपीएल 2026 का आगाज धमाकेदार जीत के साथ किया है।

पहले मैच में केकेआर को मुंबई ने 6 विकेट से हराया
हार्दिक पांड्या की कप्तानी में मुंबई ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए टूर्नामेंट के अपने पहले मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को 6 विकेट से हराया था। केकेआर से मिले 221 रनों के लक्ष्य को मुंबई ने 19.1 ओवर में सिर्फ 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया था। यह आईपीएल में मुंबई का अब तक का सबसे बड़ा सफल रन चेज भी रहा।

मुंबई की ओर से रयान रिकेल्टन ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 43 गेंदों में 81 रनों की दमदार पारी खेली थी, जबकि रोहित शर्मा ने 38 गेंदों का सामना करते हुए 78 रन बनाए थे। दोनों ने पहले विकेट के लिए मिलकर 11.5 ओवर में 148 रन जोड़े थे और मैच को पूरी तरह से एकतरफा कर दिया था।

पहले मैच में खली थी सैंटनर की कमी
हालांकि, मुंबई इंडियंस के गेंदबाजों का प्रदर्शन केकेआर के खिलाफ निराशाजनक रहा था। एमआई को पहले ही मैच में मिचेल सैंटनर के अनुभव की कमी बीच के ओवरों में साफतौर पर खली थी। अल्लाह गजनफर को स्पिनर के तौर पर प्लेइंग इलेवन में जगह दी गई थी। हालांकि, गजनफर काफी महंगे साबित हुए थे और उन्होंने 4 ओवर में बिना कोई विकेट चटकाए 51 रन खर्च किए थे।

वहीं मयंक मारकंडे से कप्तान हार्दिक ने सिर्फ एक ही ओवर करवाया था, जिसमें उन्होंने 16 रन दे दिए थे। सैंटनर रनों पर लगाम लगाने और अहम विकेट चटकाने के लिए जाने जाते हैं। इसके साथ ही वह बल्ले से भी अहम योगदान दे सकते हैं।
राहिल सैयद

Related Articles

Back to top button