एसआई भर्ती परीक्षा के लिए दौसा में 4 सतर्कता दल तैनात, दो पारियों में आयोजित होगा एग्जाम

राज्य

दौसा
राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित उपनिरीक्षक/प्लाटून कमांडर प्रतियोगी परीक्षा 2025 (गृह विभाग) का आयोजन 5 और 6 अप्रैल को दौसा मुख्यालय में किया जाएगा। परीक्षा प्रतिदिन दो पारियों में आयोजित होगी, जिसमें सामान्य हिंदी का पेपर सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक तथा सामान्य ज्ञान और सामान्य विज्ञान का पेपर दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगा।

दो पारियों में होगी परीक्षा
इस परीक्षा में प्रत्येक पारी में 8,832 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। एक अभ्यर्थी दो पारियों में परीक्षा देगा। इस प्रकार कुल 17,664 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। जिले में परीक्षा संचालन के लिए 24 केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 8 सरकारी और 16 निजी केंद्र शामिल हैं। परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सौंपी गई है समन्वयक की जिम्मेदारी
परीक्षा समन्वयक के रूप में अतिरिक्त जिला कलेक्टर लालसोट और पुलिस समन्वयक के रूप में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दौसा को जिम्मेदारी सौंपी गई है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत चार सतर्कता दल बनाए गए हैं, जिनमें प्रत्येक दल में एक आरएएस, एक आरपीएस और शिक्षा विभाग का एक अधिकारी शामिल होंगे। ये दल विभिन्न परीक्षा केंद्रों की निगरानी करेंगे।

बनाए गए आठ उप-समन्वयक दल
इसके अलावा आठ उप-समन्वयक दल बनाए गए हैं, जो कोष कार्यालय से प्रश्नपत्र बॉक्स परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने और परीक्षा समाप्ति के बाद सामग्री को वापस कोष कार्यालय में जमा कराने का कार्य करेंगे। परीक्षा केंद्रों पर निगरानी के लिए 40 पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं। निजी केंद्रों पर दो-दो और सरकारी केंद्रों पर एक-एक प्रधानाचार्य स्तर के अधिकारी तैनात रहेंगे। वहीं प्रत्येक परीक्षा कक्ष में दो वीक्षक और दो कक्षों पर एक रिलीवर/सुपरवाइजर नियुक्त किया जाएगा।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry