रेल मार्ग से दुर्लभ प्रजाति के वन्यजीवों की तस्करी का बड़ा नेटवर्क एक्सपोज

मध्य प्रदेश राज्य

भोपाल. 
स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स, भोपाल ने ट्रेन के प्रथम श्रेणी एसी कोच से दुर्लभ और प्रतिबंधित प्रजाति के वन्यजीवों की तस्करी में शामिल एक संगठित गिरोह के सरगना रविन्द्र उर्फ रमन कश्यप को उत्तर प्रदेश एसटीएफ की सहायता से लखनऊ से गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से फरार था और उस पर इनाम घोषित किया गया था। वह पिछले दो महीनों से लगातार अपनी लोकेशन बदलकर जांच एजेंसियों को चकमा दे रहा था। आरोपी को विशेष न्यायालय में पेश कर वन विभाग की रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच जारी है।

प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव), मध्यप्रदेश के निर्देशन में मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर ट्रेन नं. 19322, पटना–इंदौर एक्सप्रेस के एसी फर्स्ट कोच में स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स, भोपाल, रेलवे सुरक्षा बल और वनमंडल भोपाल की संयुक्त टीम ने विगत 3 फरवरी को कार्रवाई की थी। कार्रवाई में संत हिरदाराम नगर स्टेशन से आरोपी अजय सिंह राजपूत को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 311 जीवित दुर्लभ एवं प्रतिबंधित प्रजाति के कछुए बरामद किए गए थे। इस संबंध में 3 फरवरी 2026 को वन अपराध प्रकरण पंजीबद्ध किया गया था। प्रकरण की जांच के दौरान वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर प्रदेश के नीमच, मंदसौर, रतलाम, इंदौर, देवास, उज्जैन, नागदा और शाजापुर सहित उत्तर प्रदेश के लखनऊ में एक साथ छापामार कार्रवाई की गई।

पकड़े गये आरोपियों से पूछताछ में गिरोह के सरगना के रूप में रविन्द्र उर्फ रमन कश्यप का नाम सामने आया। जांच में सामने आया कि यह संगठित गिरोह रेल मार्ग के जरिए लंबे समय से दुर्लभ प्रजाति के जलीय वन्यजीवों की तस्करी में लिप्त था। गिरोह में पेट शॉप संचालक, पेट पैरेंट, डॉग ब्रीडर और रेल के एसी फर्स्ट कोच के अटेंडेंट भी शामिल थे। इस मामले में मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश के विभिन्न शहरों से अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जांच जारी है।

कार्रवाई के दौरान चार अलग-अलग प्रजातियों के कुल 313 जीवित दुर्लभ एवं प्रतिबंधित कछुए—इंडियन टेंट टर्टल, इंडियन रूफ्ड टर्टल, क्राउनड रिवर टर्टल और स्टार टॉर्टोइस—बरामद किए गए। इसके अलावा रोज-रिंग्ड पैराकीट प्रजाति के दो तोते भी जब्त किए गए। आरोपियों के पास से एक मोटरसाइकिल और सात मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।

 

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry