हरियाणा की नई योजना: UPSC-HPSC प्री पास करने वाले गरीब युवाओं को मिलेगा 70 हजार का लाभ

Spread the love

चंडीगढ़.

हरियाणा सरकार राज्य के यूपीएससी, एचपीएससी और ज्यूडिशरी के प्री-एग्जाम उत्तीर्ण करने वाले युवाओं को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराएगी। इन मेधावी युवाओं की कोचिंग के लिए खर्च होने वाली राशि की प्रतिपूर्ति की जाएगी। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने यह घोषणा करते हुए कहा कि 'मुख्यमंत्री युवा प्रतिभा प्रोत्साहन योजना' के तहत आर्थिक रूप से कमजोर युवाओं को 25 हजार से लेकर 70 हजार रुपये तक वित्तीय मदद प्रदान की जाएगी।

मुख्यमंत्री बुधवार को चंडीगढ़ में संघ लोक सेवा आयोग द्वारा नव-चयनित हरियाणा के युवाओं के सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। राज्य के 77 युवाओं ने संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा पास की है। यूपीएससी की परीक्षा में तृतीय स्थान पर रहने वाले एकांश ढुल हरियाणा के पंचकूला के रहने वाले हैं। मुख्यमंत्री ने सभी युवाओं को सम्मानित किया और सरकारी सेवाओं में रहते हुए उन्हें दायित्व बोध से अवगत कराया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार ने अपने संकल्प पत्र में 'मुख्यमंत्री युवा प्रतिभा प्रोत्साहन योजना' शुरू करने का संकल्प लिया था। उसी को धरातल पर उतारते हुए अब इस योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर युवाओं को यूपीएससी, एचपीएससी और ज्यूडिशरी के प्री-एग्जाम उत्तीर्ण करने वाले युवाओं को वित्तीय सहायता दी जाएगी। जिन परिवारों की वार्षिक आय एक लाख रुपये है, उनके बच्चों को 70 हजार, 1.80 लाख रुपये तक आय वाले परिवारों के बच्चों को 60 हजार, 1.80 लाख रुपये से लेकर तीन लाख तक आय वाले परिवार के बच्चों को 50 हजार तथा तीन से पांच लाख रुपये तक आय वाले परिवार के बच्चों को 25 हजार रुपये की वित्तीय सहायता दी जाएगी। नायब सैनी ने यह भी घोषणा की कि राज्य के सभी सरकारी विश्वविद्यालयों में यूपीएससी और एचपीएससी एग्जाम की कोचिंग दी जाएगी। इसके लिए सांध्यकालीन पारी में कक्षाएं शुरू की जाएंगी। उन्होंने कहा कि भारतीय प्रशासनिक अधिकारी की सोच, उसकी योजनाएं और निर्णय भारत के भविष्य की दिशा तय करते हैं। यह सफलता आसान नहीं होती।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय प्रशासनिक सेवा केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि जिम्मेदारी है। सेवा में रहते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी के निर्णय लाखों लोगों के जीवन को प्रभावित करते हैं। जब भी आप किसी फाइल पर हस्ताक्षर करें, यह याद रखें कि उसके पीछे किसी गरीब की उम्मीद जुड़ी है। जब भी आप कोई नीति लागू करें, यह सोचें कि उसका प्रभाव समाज के अंतिम व्यक्ति तक कैसे पड़ेगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार ने 'बिना पर्ची, बिना खर्ची' के 1 लाख 80 हजार से अधिक युवाओं को योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरियां दी हैं, जो कि रिकार्ड है। सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ अमित अग्रवाल ने कहा कि हरियाणा केवल खिलाडियों के मामले में ही धाकड़ नहीं है, बल्कि बौद्धिक विकास में भी अग्रणी है।

उन्होंने नये आइएएस अधिकारियों को प्रशासनिक दक्षता से देश की नीति निर्धारण करने वाला बताते हुए कहा कि राज्य को इनकी प्रतिभा का बहुत लाभ होगा। अमित अग्रवाल ने मुख्यमंत्री की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि वे रात को दो बजे तक लोगों से मिलने के बाद सुबह आठ बजे से फिर से जनसेवा में जुट जाते हैं। कार्यक्रम में संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा में देश में तीसरे स्थान पर आने वाले एकांश ढुल, छठे रैंक पर आई जिन्निया अरोड़ा, नितीश कुमार, शगुन मेहरा और शिखा ने अपने लक्ष्य तक पहुंचने की यात्रा सांझा की।

समारोह में सहकारिता मंत्री डा. अरविंद शर्मा, मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण कुमार गुप्ता, मुख्यमंत्री के ओएसडी भारत भूषण भारती एवं राकेश संधू, सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग की अतिरिक्त निदेशक (प्रशासनिक) वर्षा खांगवाल और शहीद स्मारक अंबाला के निदेशक डॉ. कुलदीप सैनी प्रमुख रूप से शामिल हुए।

Related Articles

Back to top button