राजस्थान ने गुवाहाटी में आरसीबी को हराया, वैभव-जुरेल का चौका बना मैच का टर्निंग पॉइंट

खेल

गुवाहाटी

रियान पराग की कप्तानी वाली राजस्थान रॉयल्स टीम को आईपीएल 2026 में रोकना मुश्किल साबित हो रहा है. आईपीएल 2026 के 16वें मुकाबले में राजस्थान की टक्कर डिफेंडिंग चैंपियंस रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से हुई, जिसमें पहले सीजन की विजेता टीम ने 6 विकेट से जीत दर्ज की. वैभव सूर्यवंशी और ध्रुव जुरेल ने तूफानी बैटिंग करते हुए एकतरफा अंदाज में यह मुकाबला राजस्थान की झोली में डाल दिया. गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी ने 8 विकेट खोकर 201 रन का अच्छा टोटल बोर्ड पर लगाया, लेकिन वैभव और जुरेल की आतिशी पारियों ने लक्ष्य को बौना बना दिया. राजस्थान ने दो ओवर रहते 4 विकेट खोकर 202 रन बनाए और सीजन की लगातार चौथी जीत हासिल कर ली. इस जीत से राजस्थान रॉयल्स के 8 अंक हो गए हैं. वहीं, आरसीबी की सीजन में पहली हार है. इससे पहले खेले दो मुकाबलों में आरसीबी ने जीत दर्ज की थी। 

वैभव-जुरेल के तूफान में आरसीबी का काम-तमाम
लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही. यशस्वी जायसवाल बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और 8 गेंदों में 13 रन बनाकर आउट हुए. हालांकि, इसके बाद 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी और ध्रुव जुरेल ने मोर्चा संभाला. दोनों ने मिलकर दूसरे विकेट के लिए सिर्फ 37 गेंदों में 108 रनों की विस्फोटक साझेदारी की. वैभव ने सिर्फ 26 गेंदों का सामना करते हुए 78 रनों की धमाकेदार पारी खेली. अपनी इस पारी में उन्होंने 300 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 8 चौके और 7 छक्के लगाए। 

हालांकि, उनके आउट होने के बाद राजस्थान की पारी लड़खड़ाई जरूर, जब जल्दी-जल्दी दो-तीन विकेट गिरे, लेकिन जुरेल ने एक छोर संभालते हुए टीम की नैया पारी लगा दी. शिमरन हेटमायर फ्लॉप रहे और वह बिना खाता खोले पवेलियन लौटे. कप्तान रियान पराग भी सिर्फ 3 रन ही बना सके. जुरेल एक छोर पर खड़े रहे और उन्होंने 43 गेंदों में 81 रनों की नाबाद पारी खेली. अपनी इस पारी में जुरेल ने 8 चौके और 3 छक्के लगाए. वहीं, रवींद्र जडेजा ने भी बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 24 रनों की नाबाद पारी खेली. जुरेल और जडेजा ने पांचवें विकेट के लिए 50 गेंदों में 68 रनों की अटूट साझेदारी निभाई. गेंदबाजी में जोश हेजलवुड और क्रुणाल पांड्या ने दो-दो विकेट निकाले। 

आरसीबी को मिली पहली हार
इससे पहले, आरसीबी ने 20 ओवर में 8 विकेट गंवाकर स्कोरबोर्ड पर 201 रन लगाए. टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और फिल साल्ट बिना खाता खोले पवेलियन लौटे. देवदत्त पडिक्कल भी 7 गेंदों में 14 रन बनाने के बाद जोफ्रा आर्चर का शिकार बने. विराट कोहली ने 16 गेंदों में 32 रनों का योगदान दिया. क्रुणाल पांड्या सिर्फ एक रन ही बना सके, तो जितेश शर्मा को 5 रनों के स्कोर पर बृजेश शर्मा ने चलता किया. टिम डेविड भी फ्लॉप रहे और वह 9 गेंदों में 13 रन ही बना पाए। 

कप्तान रजत पाटीदार ने एक छोर संभाले रखा और 40 गेंदों में 63 रनों की दमदार पारी खेली. रोमारियो शेफर्ड ने 11 गेंदों में 22 रन बनाए. वहीं, अंत के ओवरों में वेंकटेश अय्यर ने 15 गेंदों में नाबाद 29 रन बनाए, जबकि भुवनेश्वर कुमार 9 रन बनाकर नाबाद रहे. गेंदबाजी में राजस्थान की ओर से जोफ्रा आर्चर, रवि बिश्नोई और बृजेश शर्मा ने दो-दो विकेट चटकाए. संदीप शर्मा और जडेजा ने एक-एक विकेट निकाला. यह राजस्थान रॉयल्स की इस सीजन में लगातार चौथी जीत है, जबकि आईपीएल 2026 में आरसीबी को पहली हार का मुंह देखना पड़ा है। 

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry