सुशासन तिहार 2026: अम्बिकापुर में 01 मई से 10 जून तक जनशिकायतों के त्वरित निराकरण हेतु शिविरों का आयोजन

छत्तीसगढ़ रायपुर

अम्बिकापुर : सुशासन तिहार 2026: जिले में जनशिकायतों के त्वरित निराकरण हेतु शिविरों का आयोजन 01 मई से 10 जून 2026

सुशासन तिहार 2026 के सफल संचालन हेतु जिला स्तरीय नोडल अधिकारी नियुक्त

अम्बिकापुर 

  मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देशानुसार राज्य में “सुशासन तिहार 2026” का आयोजन किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य शासन की योजनाओं को आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुँचाना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करना है।

कलेक्टर अजीत वसंत द्वारा “सुशासन तिहार 2026” के सफल संचालन हेतु जिले के सभी विभागों एवं कार्यालय प्रमुखों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। जारी निर्देशों के अनुसार, 30 अप्रैल 2026 तक जिले में लंबित प्रकरणों के निराकरण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके अंतर्गत भूमि संबंधी प्रकरण जैसे नामांतरण, बंटवारा एवं सीमांकन, मनरेगा के लंबित मजदूरी भुगतान, विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं के लंबित प्रकरण, आय-जाति-निवास प्रमाण पत्र, विद्युत एवं ट्रांसफार्मर संबंधी समस्याएं तथा हैंडपंप सुधार जैसे विषयों का प्राथमिकता से निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।

इसके साथ ही उज्ज्वला योजना, राशन कार्ड, आयुष्मान भारत एवं सामाजिक सुरक्षा पेंशन जैसी योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाने पर विशेष जोर दिया गया है। सीपीग्राम, मुख्यमंत्री जनदर्शन, कलेक्टर जनदर्शन एवं अन्य जनशिकायत पोर्टलों में लंबित सभी आवेदनों का शत-प्रतिशत गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। निराकरण की स्थिति से आवेदकों को अनिवार्य रूप से अवगत कराने पर भी जोर दिया गया है।

अभियान के अंतर्गत 01 मई से 10 जून 2026 के मध्य जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर “जनसमस्या निवारण शिविर” आयोजित किए जाएंगे। ग्रामीण क्षेत्रों में 15 से 20 ग्राम पंचायतों के समूह एवं शहरी क्षेत्रों में वार्ड क्लस्टर के आधार पर शिविर लगाए जाएंगे, जहां विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी।

शिविरों में शासकीय योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार, पात्र हितग्राहियों को लाभ वितरण तथा प्राप्त आवेदनों का अधिकतम एक माह के भीतर निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। प्रत्येक आवेदक को उसके आवेदन की स्थिति की जानकारी देना भी अनिवार्य किया गया है। इस दौरान माननीय मुख्यमंत्री, मंत्रीगण, सांसद, विधायक एवं वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा समय-समय पर शिविरों का निरीक्षण भी किया जाएगा।

कलेक्टर अजीत वसंत द्वारा“सुशासन तिहार 2026” के अंतर्गत कार्यक्रमों के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन हेतु जिला स्तरीय नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। जारी आदेश अनुसार, मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत सरगुजा विनय कुमार अग्रवाल को जिला स्तरीय नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही विभिन्न अनुविभागों के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को सहायक नोडल अधिकारी के रूप में जिम्मेदारी सौंपी गई है।

अनुविभाग अधिकारी अम्बिकापुर में फागेश सिन्हा, उदयपुर में बन सिंह नेताम, सीतापुर में राम सिंह ठाकुर तथा लुण्ड्रा (धौरपुर) अनुविभाग में जे. शतरंज आर. को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

नियुक्त अधिकारी “सुशासन तिहार 2026” के अंतर्गत आयोजित सभी गतिविधियों, जनसमस्या निवारण शिविरों एवं विभागीय समन्वय कार्यों की मॉनिटरिंग एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करेंगे।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry