यूरोपियन फुटबॉल अपडेट: बार्सिलोना, आर्सेनल और सिटी ने बढ़ाई खिताबी दौड़

खेल

लंदन, एपी

मैनचेस्टर सिटी एक बार फिर एफए कप फुटबॉल टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंच गया है, जबकि आर्सेनल न्यूकैसल को हराकर इंग्लिश प्रीमियर लीग (ईपीएल) में फिर से शीर्ष पर पहुंचने में सफल रहा। सिटी ने शनिवार को वेंबले में खेले गए मैच में साउथेम्प्टन को 2-1 से हराकर रिकॉर्ड चौथी बार एफए कप के फाइनल में जगह बनाई। दूसरे हाफ में एक गोल से पिछड़ने के बाद निको गोंजालेज के 87वें मिनट में किए गए गोल से सिटी ने जीत दर्ज की।

इस जीत ने सिटी की घरेलू स्तर पर तीन खिताब जीतने की उम्मीदों को बरकरार रखा है। वह पहले ही इंग्लिश लीग कप जीत चुका है और प्रीमियर लीग खिताब के लिए आर्सेनल के सामने कड़ी चुनौती पेश कर रहा है। हालांकि प्रीमियर लीग में आर्सेनल ने एबेरेची एजे के गोल की मदद से न्यूकैसल के विरुद्ध 1-0 से जीत हासिल करके सिटी पर तीन अंक की बढ़त बना ली है।

आर्सेनल के 34 मैच में 73 और सिटी के 33 मैच में 70 अंक हैं। इस बीच लिवरपूल की टीम क्रिस्टल पैलेस को 3-1 से हरा दिया और लीग में गोल अंतर के आधार पर चौथे स्थान पर पहुंच गई। उसने एस्टन विला को पीछे छोड़ा, जिसे फुलहम से 1-0 से हार का सामना करना पड़ा।

लगातार दूसरे खिताब के करीब पहुंचा बार्सिलोना
लामिने यमाल की गैर मौजूदगी में बार्सिलोना गेटाफे को 2-0 से हराकर स्पेनिश फुटबॉल लीग ला लीगा में लगातार दूसरी बार खिताब जीतने के करीब पहुंच गया है। जबकि एटलेटिको मैड्रिड चैंपियंस लीग सेमीफाइनल में आर्सेनल का सामना करने से पहले ला-लीगा में आत्मविश्वास भरी जीत हासिल करने में सफल रहा।

बार्सिलोना की तरफ से पहला गोल फर्मिन लोपेज ने 45वें मिनट में किया। वहीं मार्कस रैशफोर्ड 74वें मिनट में दूसरा गोल दागा। यह बार्सिलोना की गेटाफे में छह सत्र में पहली जीत है। इससे बार्सिलोना ने दूसरे स्थान पर काबिज रीयल मैड्रिड पर अपनी बढ़त 11 अंक कर दी है। वहीं एटलेटिको मैड्रिड ने एंटोनी ग्रिजमैन के 49वें मिनट के गोल और अलेक्जेंडर सोरलाथ के दो गोल की मदद से एथलेटिक बिलबाओ को 3-2 से हराया।

इंटर मियामी ने खेला एक और ड्रॉ
लियोनेल मेसी और इंटर मियामी अभी भी अपने नए घरेलू मैदान पर अपनी पहली जीत का इंतजार कर रहे हैं। अमेरिका के फुटबाल टूर्नामेंट मेजर लीग साकर (एमएलएस) में जर्मन बर्टेरामे ने 76वें मिनट में गोल कर इंटर मियामी को न्यू इंग्लैंड रिवोल्यूशन के विरुद्ध 1-1 से

ड्रॉ की स्थिति में पहुंचाया।
इससे पहले न्यू इंग्लैंड की ओर से कार्लेस गिल ने 56वें मिनट में गोल किया। मौजूदा एमएलएस कप चैंपियन इंटर मियामी अपने नए मियामी स्टेडियम में खेले गए तीन मैचों में से किसी में भी जीत हासिल नहीं कर पाई है। वहीं इससे पहले न्यू इंग्लैंड की टीम इंटर मियामी के खिलाफ अपने पिछले चारों मुकाबले हार चुकी थी।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry