आगरा
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की ओर से अब डिजिटल शिक्षा के क्षेत्र में नए पाठ्यक्रम शुरू करने की योजना है। विश्वविद्यालय नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 से ऑनलाइन और डिस्टेंस मोड में 9 डिग्री पाठ्यक्रम शुरू करने की तैयारी में है। पूरी प्रक्रिया की जा चुकी है।यूजीसी की मंजूरी मिलते ही संभव है कि जून से इन पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी, जबकि पहला सत्र जुलाई से शुरू होने की संभावना है।
सेंटर फॉर डिस्टेंस लर्निंग एवं ऑनलाइन क्लासेज के निदेशक प्रो. शरद चंद्र उपाध्याय ने बताया कि इस संबंध में हाल ही में एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी प्रस्तावित पाठ्यक्रमों के सिलेबस पर विस्तार से चर्चा कर उन्हें अपडेट किया जा चुका है। विश्वविद्यालय का प्रयास है कि छात्रों को समय पर प्रवेश और पढ़ाई की सुविधा मिल सके। कोशिश की जा रही है कि जून में इनके आवेदन शुरू कर दिए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि इन कोर्सेज का उद्देश्य उन छात्रों को अवसर देना है, जो नौकरी, आर्थिक या पारिवारिक कारणों से नियमित कक्षाओं में शामिल नहीं हो पाते। ऑनलाइन माध्यम से छात्र घर बैठे पढ़ाई कर सकेंगे और अपनी डिग्री पूरी कर पाएंगे। इनकी फीस को लेकर उन्होंने बताया कि रेगुलर पाठ्यक्रम से इनका शुल्क कम होगा। जल्द ही उसकी भी घोषणा हो जाएगी।
ऑनलाइन कक्षाओं का संचालन विश्वविद्यालय के शिक्षक करेंगे। छात्रों को ई-कंटेंट, डिजिटल स्टडी सामग्री और वीडियो लेक्चर ऑनलाइन उपलब्ध कराए जाएंगे। पाठ्यक्रम पूरा करने पर छात्रों को डिग्री प्रदान की जाएगी। डिस्टेंस के माध्यम से मैनपुरी, आगरा, मथुरा और फिरोजाबाद के जिलों के छात्रों को अवसर मिलेगा। वहीं, ऑनलाइन पाठ्यक्रमों के जरिए देश-विदेश से भी विद्यार्थी जुड़ सकेंगे।
इन पाठ्यक्रम की होगी शुरुआत
स्नातक स्तर पर बीकॉम, बीबीए और बीसीए के तीन ऑनलाइन पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे। वहीं, स्नातकोत्तर स्तर पर एमकॉम, एमबीए, एमसीए, एमएसडब्ल्यू, एमए समाजशास्त्र और एमबीए ट्रैवल एंड टूरिज्म मैनेजमेंट जैसे छह पाठ्यक्रम प्रस्तावित हैं।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

