शक्तिमान फेम मुकेश खन्ना का बड़ा बयान! शादी क्यों नहीं की और कैसी पत्नी चाहते हैं, जानें पूरी बात

मनोरंजन

मुकेश खन्ना इंडस्ट्री के जाने-माने एक्टर्स में शुमार किए जाते हैं. वो 'शक्तिमान' और 'भीष्म पितामह' में अपने आइकॉनिक किरदारों के लिए जाने जाते हैं. मुकेश खन्ना अक्सर अपने बेबाक अंदाज और बयानों को लेकर भी सुर्खियों में रहते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि फैंस के फेवरेट 'शक्तिमान' 67 की उम्र में कुंवारे हैं. मगर उन्होंने अब अपनी शादी और पार्टनर को लेकर चुप्पी तोड़ी है. मुकेश खन्ना ने ये भी बताया है कि उन्हें किस तरह की जीवनसाथी चाहिए.

प्यार को लेकर क्या बोले मुकेश खन्ना?
फिल्मी चर्चा संग बातचीत में मुकेश खन्ना ने अब तक शादी न करने की वजह बताई. एक्टर ने मर्दानगी को लेकर बनी समाज की धारणाओं पर भी बात की. एक्टर ने कहा कि इश्क लड़ाने से कोई मर्द नहीं बन जाता. उन्होंने इस बारे में बात करते हुए फिल्ममेकर रवि चोपड़ा की पुरानी बात दोहराई. उन्होंने बताया कि फिल्ममेकर का मानना था- मर्द वही होता है जिसके अफेयर होते हैं.

हालांकि, मुकेश खन्ना ने कहा कि वो इस बात से बिल्कुल भी सहमत नहीं हैं. एक्टर बोले- उस ग्रुप में हर किसी के अफेयर थे. सिर्फ मेरा कोई अफेयर नहीं था. मेरा मानना है कि अपनी मर्दानगी साबित करने के लिए आपको 10 गर्लफ्रेंड्स बनाने की जरूरत नहीं होती. इसे कई दूसरे तरीकों से साबित किया जा सकता है.

मुकेश खन्ना ने ये भी कहा कि उनके नजरिए को अक्सर गलत समझा जाता है, खासकर जब बात महिलाओं की आती है. उन्होंने कहा- मैं महिलाओं के खिलाफ नहीं हूं, बल्कि, मैं महिलाओं का बहुत सम्मान करता हूं.

मर्दों के चीटिंग करने पर उठाए सवाल
एक्टर ने शादी में वफादारी पर अपनी राय रखी. इसके अलावा उन्होंने समाज के डबल स्टैंडर्ड्स पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा- लोग कहते हैं कि औरत पतिव्रता होनी चाहिए. लेकिन क्या किसी ने यह कहा है कि मर्द को भी 'पत्नीव्रता' होना चाहिए? मैं यह कहता हूं. अगर आप शादीशुदा हैं, तो आप कमिटेड हैं. दो आत्माओं का मिलन हुआ है. लेकिन लोग इस पर विश्वास नहीं करते… वो कहते हैं 'मैं अपनी पत्नी से प्यार करता हूं', लेकिन फिर भी बाहर चक्कर चलाते हैं. यह पूरी तरह से पार्टनर संग धोखा है.

शादी को लेकर क्या बोले एक्टर?
मुकेश खन्ना अब तक कुंवारे हैं. लेकिन एक्टर ने कहा कि उनका शादी में गहरा विश्वास है. इस बारे में अपनी राय देते हुए वो बोले- लोगों को लगता है कि अगर आप शादी नहीं करते, तो आप शादी में यकीन नहीं रखते. लेकिन इस बात में बिल्कुल सच्चाई नहीं है. मैं ज्यादातर लोगों की तुलना में शादी की संस्था में कहीं ज्यादा विश्वास रखता हूं. मेरा मानना है कि शादी किस्मत से तय होती है. पत्नी बस यूं ही नहीं मिलती. वो किस्मत में लिखी होती है.

आध्यात्मिक ग्रंथों का हवाला देते हुए एक्टर ने आगे कहा कि उनका मानना है कि शादी एक गहरा और कर्मों से जुड़ा बंधन है. एक्टर बोले- शास्त्रों के अनुसार, पत्नी आपके पिछले जन्म का 'प्रारब्ध' होती है. वो आपके कर्मों को सुधारने के लिए आपके जीवन में आती है. अफेयर कई हो सकते हैं, लेकिन पत्नी एक ही होती है. शादी दो आत्माओं का मिलन है.

प्यार के बारे में मुकेश खन्ना बोले- प्यार सिर्फ एक बार होता है. बाकी सब सिर्फ अट्रैक्शन होती है. उन्होंने आगे यह भी कहा कि लोग आजकल आसानी से 'मूव ऑन' कर लेते हैं, जिससे प्यार के मायने कम हो जाते हैं. एक्टर बोले- अगर आप एक इंसान से 'आई लव यू' कहते हैं और फिर दूसरे के पास चले जाते हैं, तो ये काफी गलत बात है.

कब शादी करेंगे मुकेश खन्ना?
अपनी निजी जिंदगी और शादी के बारे में बात करते हुए मुकेश खन्ना ने कहा कि सबकुछ किस्मत पर डिपेंड करता है. अगर शादी होनी होती, तो अब तक हो जाती. जिस महिला से मेरी शादी किस्मत में लिखी है, वो कहीं न कहीं मौजूद होगी. जब किस्मत हमें साथ लाएगी, तब यह हो जाएगी. उम्र कोई मायने नहीं रखती.

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry