नई दिल्ली
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का सीजन जारी है, इसी बीच भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने सभी फ्रेंचाइजियों के लिए नई और सख्त एडवाइजरी जारी की है. खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बोर्ड ने होटल में आने-जाने वाले मेहमानों और विजिटर्स को लेकर कड़े नियम लागू किए हैं.
BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने फ्रेंचाइजियों को भेजे गए आधिकारिक कम्युनिकेशन में कहा है कि IPL ऑपरेशंस टीम समय-समय पर जांच करेगी कि एडवाइजरी का पालन हो रहा है या नहीं. साथ ही टीम मैनेजरों को सभी स्वीकृत गेस्ट विजिट और होटल मूवमेंट का रिकॉर्ड रखने के निर्देश दिए गए हैं.
बोर्ड ने अपनी एडवाइजरी में साफ कहा है कि कुछ मामलों में खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ ने बिना टीम मैनेजर की जानकारी या अनुमति के बाहरी लोगों को होटल रूम तक पहुंच दी. कई मामलों में टीम मैनेजर को विजिटर्स की मौजूदगी की जानकारी तक नहीं थी. BCCI ने इस प्रथा को तुरंत प्रभाव से प्रतिबंधित कर दिया है.
नई गाइडलाइन के मुताबिक अब कोई भी व्यक्ति चाहे उसका खिलाड़ी या स्टाफ सदस्य से कोई भी रिश्ता क्यों न हो, टीम मैनेजर की पूर्व जानकारी और लिखित मंजूरी के बिना होटल रूम में प्रवेश नहीं कर सकेगा.
BCCI ने यह भी स्पष्ट किया है कि खिलाड़ियों या सपोर्ट स्टाफ से मिलने आने वाले मेहमानों को केवल होटल की सार्वजनिक जगहों जैसे लॉबी या रिसेप्शन लाउंज में ही मिलने की अनुमति होगी. किसी भी गेस्ट को निजी होटल रूम तक ले जाने के लिए टीम मैनेजर की लिखित अनुमति जरूरी होगी.
बोर्ड ने फ्रेंचाइजियों को हनीट्रैप और सुरक्षा जोखिमों को लेकर भी आगाह किया है. एडवाइजरी में कहा गया कि हाई-प्रोफाइल स्पोर्ट्स वातावरण में टारगेटेड कॉम्प्रोमाइज और हनीट्रैप जैसी घटनाओं का खतरा बना रहता है. इसके अलावा यौन उत्पीड़न जैसे गंभीर कानूनी आरोपों की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता.
BCCI ने सभी IPL फ्रेंचाइजियों से खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर लगातार सतर्क और सक्रिय रहने को कहा है ताकि किसी भी तरह के विवाद या सुरक्षा संकट से बचा जा सके.
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

