अब हलवारा से सीधे दिल्ली उड़ान, यात्रियों के लिए जारी हुई टाइमिंग और किराए की जानकारी

Spread the love

लुधियाना
 महानगर और आसपास के लोगों का करीब छह साल लंबा इंतजार आखिरकार शुक्रवार को खत्म होने जा रहा है। हलवारा एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए पहली कमर्शियल फ्लाइट शुक्रवार सुबह शुरू होगी।

नई दिल्ली से पहली उड़ान सुबह 5:55 बजे रवाना होकर 7:05 बजे हलवारा एयरपोर्ट पहुंचेगी, जबकि हलवारा से दिल्ली के लिए पहली फ्लाइट 7:55 बजे उड़ान भरकर सुबह 9:10 बजे राजधानी पहुंचेगी।

शुक्रवार को पहली फ्लाइट में राज्यसभा सदस्य रवनीत बिट्टू, राजिंदर गुप्ता, विक्रम साहनी सहित जिला भाजपा के दिग्गज नेता पहुंच रहे हैं। दूसरी तरफ से मंत्री संजीव अरोड़ा ने भी अपने परिवार व दोस्तों सहित पहली फ्लाइट में टिकट को बुक की थी। अब उनका आना असंभव है।

पहले दिन की इस सेवा को लेकर यात्रियों में उत्साह देखने को मिल रहा है। दिल्ली से हलवारा आने वाली पहली फ्लाइट में करीब 60 सीटें बुक हुई हैं, हालांकि इनमें कुछ टिकट कैंसिल होने की भी संभावना जताई जा रही है। हालांकि एयरपोर्ट शुरू होने की खुशी के बीच एक बड़ी चिंता भी सामने आई है।

15 मई के बाद हलवारा-दिल्ली सेक्टर में फ्लाइट्स की बुकिंग बेहद कमजोर रही है। मई के बाकी दिनों में औसतन सिर्फ 10 प्रतिशत सीटें ही बुक हुई हैं, जिससे एयरलाइन प्रबंधन की चिंता बढ़ गई है। कम यात्रियों के साथ उड़ान संचालन एयरलाइन के लिए घाटे का सौदा साबित हो सकता है।

स्थिति को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने कारोबारी संगठनों और उद्योगपतियों से अपील की है कि वे ज्यादा से ज्यादा टिकट बुक करवाएं, ताकि हलवारा एयरपोर्ट से नियमित उड़ान सेवा जारी रह सके। कारोबारियों का मानना है कि फ्लाइट्स की टाइमिंग में सुधार और किराए में प्रतिस्पर्धात्मक बदलाव से यात्रियों की संख्या बढ़ सकती है।

प्रधानमंत्री मोदी ने किया था एयरपोर्ट का उद्घाटन
गौरतलब है कि करीब 70 करोड़ की लागत से तैयार हलवारा एयरपोर्ट का उद्घाटन एक फरवरी 2026 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया था। उद्घाटन के बाद टिकट बुकिंग अप्रैल में शुरू हुई थी और अब आखिरकार उड़ान सेवा शुरू होने जा रही है।

टिकट बुकिंग खुलते ही एक तरफ का किराया 3559 रुपये था। इस फ्लाइट का किराया वीरवार शाम को 4294 रुपये था। जबकि हलवारा से दिल्ली जाने के लिए भी किराया 4294 रुपये है। वहीं, 25 मई को लुधियाना से दिल्ली के लिए वैल्यू श्रेणी में 4448 किराया चल रहा है।

तीन श्रेणी में होगी बुकिंग
ऑनलाइन टिकट बुकिंग के लिए एयरलाइन ने तीन कैटेगरी रखी हैं। वैल्यू श्रेणी में 15 किलो सामान के साथ टिकट 4294 रुपये, क्लासिक श्रेणी में 20 किलो लगेज व 7 किलो हैंडबैग के साथ 4819 रुपये, जबकि फ्लेक्स श्रेणी में 25 किलो सामान और 7 किलो हैंडबैग सुविधा के साथ टिकट 5969 रुपये में उपलब्ध है।

इसलिए बनाना पड़ा हलवारा में एयरपोर्ट
लुधियाना के लिए पहले साहनेवाल एयरपोर्ट मौजूद था, लेकिन वहां रनवे छोटा होने के कारण बड़े विमान का संचालन संभव नहीं था। इसी वजह से लंबे समय से बड़े एयरपोर्ट की मांग उठ रही थी।

एयरपोर्ट जाने के लिए जालंधर-पानीपत हाईवे से अंदर की तरफ जाना पड़ता था। लेकिन यहां एक रेलवे फाटक होने के चलते लोगों को कई बार यहां पर लंबा इंतजार करना पड़ता था।

ऐसे में लोगों की मांग थी कि कोई बड़ा एयरपोर्ट का निर्माण होना चाहिए। वर्ष 2019 में हलवारा एयरफोर्स स्टेशन के साथ नया एयरपोर्ट विकसित करने की प्रक्रिया शुरू हुई। जगराओं ब्रिज से 40 किलोमीटर दूर हलवारा एयरफोर्स स्टेशन के साथ एयरपोर्ट का निर्माण किया गया है। परियोजना के लिए 161 एकड़ से अधिक जमीन अधिग्रहित कर करीब 39.40 करोड़ रुपये किसानों को मुआवजा दिया गया।

सत्ताधारियों की हाथ से निकली क्रेडिट वार की गेम
हलवारा एयरपोर्ट को लेकर छह से एक क्रेडिट वार की गेम चल रही थी। एयरपोर्ट को लेकर पहले कांग्रेसी अपना दावा ठोक रहे थे, लेकिन एयरपोर्ट का निर्माण उनके कार्यकाल में नहीं हो सका।

अब सत्ता में आम आदमी पार्टी सरकार है तो एक बार फिर से क्रेडिट वार की गेम शुरू हो गई थी। मंत्री संजीव अरोड़ा एयरपोर्ट निर्माण से लेकर परिचालन को लेकर अपना दावा ठोक रहे थे।

उनका कहना था कि एयरपोर्ट को शुरू करने के लिए उन्हें केंद्रीय मंत्रियों से लगातार मुलाकात की, उन्हें पत्र पर पत्र लिखे। इसलिए लुधियाना को एयरपोर्ट उनकी देन है, वहीं दूसरी तरफ से राज्यसभा सदस्य रवनीत बिट्टू एयरपोर्ट के लिए भाजपा को क्रेडिट दे रहे थे। अब संजीव अरोड़ा ईडी की हिरासत में चल रहे हैं। ऐसे में सत्ताधारियों की तरफ से क्रेडिट वार में उतरने वाला कोई दिग्गज नहीं रहा है।

सेक्टर (Route) डिपार्चर (Departure) अराइवल (Arrival)
दिल्ली से हलवारा 5:55 AM 7:05 AM
हलवारा से दिल्ली 7:55 AM 9:10 AM
दिल्ली से हलवारा 12:55 PM 2:10 PM
हलवारा से दिल्ली 2:40 PM 3:55 PM

परियोजना पर एक नजर

  • 161.28 एकड़ जमीन में परियोजना
  • 2000 वर्ग मीटर बनी टर्मिनल इमारत
  • कैट 2 सिस्टम से लैस एयरपोर्ट
  • एक दिन में 12 उड़ान भरने की क्षमता

Related Articles

Back to top button