ड्रग्स नेटवर्क पर पुलिस का प्रहार, बठिंडा में तस्कर की इमारत पर चला बुलडोजर

राज्य

बठिंडा.

पंजाब सरकार के युद्ध नशों के विरुद्ध अभियान के तहत जिला प्रशासन और बठिंडा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए नशा तस्करी के मामलों में नामजद आरोपित की अवैध रूप से निर्मित इमारत को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस के कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए थे।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार कच्चा धोबियाना निवासी गुरमन सिंह ने अवैध तरीके से इमारत का निर्माण किया था। संबंधित व्यक्ति को कई बार नोटिस जारी किए गए, लेकिन निर्धारित समय में कब्जा नहीं हटाया गया। इसके बाद सक्षम प्राधिकारी के आदेशों पर कार्रवाई करते हुए इमारत को ढहा दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि आरोपित के खिलाफ पहले से दो आपराधिक मामले दर्ज हैं। पंजाब सरकार के निर्देशों के अनुसार नशा तस्करों और संगीन अपराधों में शामिल आरोपितों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने दावा किया कि बठिंडा पुलिस के सहयोग से अब तक जिले में 14 अवैध इमारतों को ध्वस्त किया जा चुका है।

वहीं, एक मार्च 2025 से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 2564 मामले दर्ज कर 3628 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें 96 बड़े नशा तस्कर भी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार वर्ष 2023 से अब तक 87 आरोपियों की करीब 14.21 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्ति फ्रीज करवाई जा चुकी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नशा तस्करी की सूचना पुलिस या एंटी ड्रग हेल्पलाइन पर दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry