नई दिल्ली
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा और स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या को अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज के लिए फिट घोषित कर दिया गया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) ने दोनों खिलाड़ियों को फिट घोषित किया है। फिटनेस टेस्ट पास करने के बाद रोहित और हार्दिक का अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज खेलना तय हो गया है।
हार्दिक और रोहित दोनों हुए फिट
हार्दिक पंड्या पीठ में ऐंठन से जूझ रहे थे। इस वजह से आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस के लिए कुछ मैच नहीं खेल पाए थे। उन्हें उनके फिटनेस रूटीन के लिए बैंगलोर में सीओई भेजा गया था। रोहित शर्मा को भी आईपीएल 2026 के दौरान हैमस्ट्रिंग में चोट लगी थी। दोनों सीओई में रिकवरी की प्रक्रिया से गुजर रहे थे, जहां मंगलवार को उन्हें फिट घोषित किया गया। रोहित और पंड्या दोनों ही अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का हिस्सा थे लेकिन इनका खेलना फिटनेस टेस्ट पास करने पर निर्भर था। दोनों दिग्गज खिलाड़ी अब अफगानिस्तान के खिलाफ 3 मैचों की वनडे सीरीज में खेलते दिखेंगे।
विराट कोहली बाहर रहेंगे
विराट कोहली इंजरी की वजह से अफगानिस्तान वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं। ऐसे में रोहित और हार्दिक के फिट घोषित किए जाने से भारतीय टीम मजबूत हुई है। रोहित ने अपना आखिरी वनडे न्यूजीलैंड के खिलाफ 18 जनवरी 2026 को खेला था। हार्दिक ने मार्च 2025 में भारत की चैंपियंस ट्रॉफी जीत के बाद से कोई वनडे नहीं खेला है। भारत और अफगानिस्तान के बीच पहला वनडे 13 जून को धर्मशाला में खेला जाना है। इसके लिए बुधवार को टीम धर्मशाला पहुंचेगी। दूसरा वनडे 17 जून को लखनऊ और तीसरा वनडे 20 जून को चेन्नई में खेला जाएगा।
वनडे वर्ल्ड कप पर नजरें
टी20 विश्व कप 2026 का विजेता बनने के बाद भारतीय टीम का अगला लक्ष्य वनडे विश्व कप 2027 है। अफगानिस्तान सीरीज से टीम इंडिया अपने उस लक्ष्य को पाने की दिशा में कदम बढ़ाएगी।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
