16 जून से नए मार्ग पर दौड़ेगी वंदे भारत एक्सप्रेस, जालंधर के यात्रियों को लगेगा झटका

राज्य

जालंधर.

जालंधर के रेल यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण बदलाव सामने आया है। श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा-अमृतसर वंदे भारत एक्सप्रैस का मार्ग बदल दिया गया है और अब यह ट्रेन जालंधर सिटी व ब्यास के बजाय गुरदासपुर और बटाला होकर संचालित होगी।

रेलवे द्वारा जारी आदेश के अनुसार संशोधित व्यवस्था 16 जून से अमृतसर तथा 17 जून से कटड़ा से लागू हो जाएगी। इसके साथ ही ट्रेन का नॉन-रनिंग डे भी बदल दिया गया है। अब यह ट्रेन मंगलवार के बजाय शनिवार को संचालित नहीं होगी। रेलवे के इस फैसले से जालंधर और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को झटका लगा है, क्योंकि वर्तमान में यह वंदे भारत एक्सप्रैस जालंधर सिटी स्टेशन पर ठहरती थी। मार्ग परिवर्तन के बाद जालंधर सिटी और ब्यास स्टेशन इस ट्रेन के रूट से बाहर हो जाएंगे। रेलवे के आधिकारिक आदेश में मार्ग परिवर्तन के पीछे किसी विशेष कारण का उल्लेख नहीं किया गया है, लेकिन रेलवे सूत्रों का कहना है कि जालंधर सिटी स्टेशन से ट्रेन को अपेक्षित संख्या में यात्री नहीं मिल पा रहे थे।

रेलवे अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं
सूत्रों के अनुसार कई फेरों में सीटों की ऑक्यूपेंसी उम्मीद से कम रही, जबकि गुरदासपुर और बटाला क्षेत्र से लंबे समय से इस ट्रेन की मांग की जा रही थी। माना  जा रहा है कि बेहतर यात्री संख्या और परिचालन आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने यह बदलाव किया है। हालांकि इस संबंध में रेलवे अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। नए शेड्यूल के अनुसार ट्रेन संख्या 26406 श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा-अमृतसर वंदे भारत एक्सप्रैस सुबह 6.40 बजे कटड़ा से रवाना होकर जम्मूतवी, पठानकोट, गुरदासपुर और बटाला होते हुए दोपहर 11.40 बजे अमृतसर पहुंचेगी।

वहीं, ट्रेन संख्या 26405 अमृतसर-श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा वंदे भारत एक्सप्रैस शाम 4.40 बजे अमृतसर से रवाना होकर बटाला, गुरदासपुर, पठानकोट और जम्मूतवी के रास्ते रात 9.45 बजे कटड़ा पहुंचेगी। मार्ग परिवर्तन के बाद पहली बार गुरदासपुर और बटाला क्षेत्र के यात्रियों को वंदे भारत एक्सप्रैस की सीधी सुविधा मिलेगी। दूसरी ओर जालंधर, कपूरथला और आसपास के इलाकों के यात्रियों को इस ट्रेन का लाभ लेने के लिए अन्य स्टेशनों का सहारा लेना पड़ सकता है।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry