चंडीगढ़.
नगर निगम ने सुखना लेक एरिया में कम्युनिटी एनिमल्स को भोजन उपलब्ध कराने के लिए निर्धारित किए गए फीडिंग प्वाइंट्स को अंतिम मंजूरी दे दी है। निगम की ओर से 19 मई को जारी सार्वजनिक सूचना के माध्यम से प्रस्तावित स्थानों पर लोगों से 15 दिनों के भीतर आपत्तियां और सुझाव मांगे गए थे।
नगर निगम के अनुसार निर्धारित अवधि के दौरान किसी भी व्यक्ति या संस्था की ओर से कोई आपत्ति अथवा सुझाव प्राप्त नहीं हुआ। इस वजह से प्रस्तावित सभी आठ स्थानों को अंतिम रूप से स्वीकृत फीडिंग प्वाइंट घोषित कर दिया गया है। नगर निगम ने आम जनता से अपील की है कि सुखना लेक क्षेत्र में कम्युनिटी एनिमल्स को भोजन के लिए केवल इन्हीं निर्धारित स्थानों का उपयोग करें और व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। यह आदेश नगर निगम के मेडिकल आफिसर आफ हेल्थ की ओर से जारी किया गया है।
जगह-जगह खाना डालने से दिक्कत
सुखना लेक पर आवारा कुत्ते भी बड़ी संख्या में हैं। इन्हें लोग अपनी मर्जी से इधर-उधर खाना डालते हैं। इससे लेक पर अव्यवस्था भी रहती है। इसे रोकने के लिए निगम ने यह फीडिंग प्वाइंट बनाए हैं। स्वच्छता को लेकर भी सवाल खड़े होते हैं। लेक से पहले निगम ने शहर में भी रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के साथ मिलकर अलग-अलग एरिया में 250 से अधिक डाग फीडिंग प्वाइंट निर्धारित कर रखे हैं। इसके अलावा कहीं भी खाना डालने पर रोक लगा रखी है। हालांकि अभी इन फीडिंग प्वाइंट के प्रति जागरूकता उस तरह से नहीं बढ़ी है। अब भी डाग लवर्स मर्जी से इधर-उधर खाना डाल रहे हैं।
क्र.सं. स्वीकृत फीडिंग प्वाइंट्स (स्थान)
1 लेक की शुरुआत में पुलिस बीट बॉक्स के पास
2 ऑब्जर्वेशन टावर के निकट
3 सीढ़ियां नंबर-1 के ऊपरी हिस्से में
4 सीढ़ियां नंबर-2 के ऊपर
5 सीढ़ियां नंबर-3 के नीचे
6 सीढ़ियां नंबर-7 के ऊपर
7 पीपल के पेड़ के पास
8 बुद्ध प्रतिमा से दूर पार्किंग क्षेत्र के निकट
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad
