IND vs AFG: लंबे इंतजार के बाद हर्षित राणा की वापसी, चेन्नई वनडे से पहले BCCI ने किया बड़ा ऐलान

खेल

 चेन्नई

भारत और अफगानिस्तान के बीच खेली जा रही तीन मैचों की वनडे सीरीज के आख‍िरी  मैच से पहले टीम इंडिया को बड़ी राहत मिली है. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने तीसरे और अंतिम वनडे मुकाबले के लिए तेज गेंदबाज हर्षित राणा को टीम में शामिल करने का ऐलान किया है. दोनों टीमों के बीच सीरीज का आखिरी मुकाबला 20 जून को चेन्नई में खेला जाएगा। 

शुभमन गिल की कप्तानी वाली भारतीय टीम फिलहाल सीरीज में 2-0 की बढ़त बनाए हुए है. ऐसे में अंतिम मुकाबले से पहले हर्षित राणा की वापसी टीम के लिए अतिरिक्त मजबूती लेकर आई है। 

चोट के कारण लंबे समय से बाहर थे हर्षित
हर्षित राणा फरवरी 2026 के बाद से प्रतिस्पर्धी क्रिकेट से दूर थे. उन्हें टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले खेले गए एक वॉर्म-अप मैच के दौरान चोट लग गई थी. चोट इतनी गंभीर थी कि वह पूरे आईपीएल सीजन से भी बाहर हो गए थे। 

हालांकि अब उन्होंने बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) में अपना रिहैबिलिटेशन सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है. इसके बाद सेलेक्शन कमेटी ने उन्हें अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे वनडे के लिए भारतीय टीम में शामिल करने का फैसला किया। 

BCCI ने जारी किया आधिकारिक बयान
बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया की ओर से जारी बयान में कहा गया कि मेन्स सेलेक्शन कमेटी ने हर्षित राणा को तीसरे वनडे के लिए भारतीय टीम में शामिल किया है. राणा ने सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में अपना र‍िहैब पूरा कर लिया है और अब वह चेन्नई में टीम के साथ जुड़ चुके हैं। 

तीसरे वनडे के लिए भारत का अपडेटेड स्क्वॉड: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव, गुरनूर बरार, हर्ष दुबे, यशस्वी जायसवाल और हर्षित राणा। 

हर्षित राणा की वापसी भारतीय टीम के लिए अहम मानी जा रही है. युवा तेज गेंदबाज अपनी अतिरिक्त गति और आक्रामक गेंदबाजी के लिए जाने जाते हैं. अब सभी की नजरें इस बात पर होंगी कि क्या उन्हें चेन्नई वनडे की प्लेइंग इलेवन में मौका मिलता है या नहीं। 

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry