जयपुर
घर में 14 जुलाई को मनाए जाने वाले बेटे के जन्मदिन की बातें हो रही थीं। मां उसकी पसंद के पकवान बनाने की सोच रही थी, पिता छुट्टी में साथ बिताए जाने वाले समय की योजनाएं बना रहे थे और परिवार शुक्रवार को उसके घर आने का इंतजार कर रहा था। लेकिन सेना से आई एक फोन कॉल ने पलभर में सारी खुशियां छीन लीं। खबर मिली कि भारतीय वायुसेना में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत 22 साल के आर्यन झाझड़िया अब कभी घर नहीं लौटेंगे।
चेन्नई में पांच जुलाई को ड्यूटी के दौरान पानी में डूबने से उनका निधन हो गया। स्थानीय वार्ड 26 निवासी आर्यन बस सर्विस के संचालक भागीरथ झाझड़िया और सरोज देवी के इकलौते पुत्र आर्यन झाझड़िया ढाई वर्ष पूर्व भारतीय वायुसेना में चयनित हुए थे। अपने पुत्र के नाम पर ही उन्होने बस सेवा आर्यन बस सर्विस की शुरुआत की हुई है।
आज पैतृक गांव में होगा राजकीय सम्मान से अंतिम संस्कार
पार्षद नत्थूसिंह गहलोत व सुनील गहलोत ने बताया कि परिवार की तरफ से आर्यन के मामा चेन्नई पहुंचे व वहां से पोस्टमार्टम और अन्य प्रक्रिया पूर्ण करवाई। सेना द्वारा उनका शव हवाई जहाज से मंगलवार रात को दिल्ली पहुंचा और वहां से आज पैतृक गांव पीपल का बास, मंडावा जिला झुंझुनूं पहुंच गया। जिसके बाद अब राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।
संगरिया स्कूल के रहे है स्टूडेंट
आर्यन ने हनुमानगढ़ के संगरिया के KR स्कूल से कक्षा 12वीं की शिक्षा प्राप्त करने के बाद अपना देश सेवा का सपना साकार करने के लिए चिड़ावा प्रशिक्षण प्राप्त करना शुरू किया। करीब ढाई वर्ष पूर्व उनका चयन भारतीय वायुसेना में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर हुआ और वर्तमान में उनकी तैनाती चेन्नई में थी। आर्यन शुरू से ही मेहनती और अनुशासित युवा थे उनका सपना देश की सेवा करना था।
अविवाहित व इकलौते पुत्र है आर्यन
14 जुलाई को अपना 23वां जन्मदिन मनाने वाले आर्यन अभी अविवाहित है। परिवार में उनके अलावा उनकी एक बड़ी बहन है जो विवाहित है। इसी सप्ताह शुक्रवार को वे घर आने वाले थे और ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने की भी योजना थी। लेकिन किसी को क्या पता था कि इस बार बेटा मुस्कुराते हुए नहीं, बल्कि तिरंगे में लिपटकर अंतिम बार घर लौटेगा। बेटे के निधन से माता-पिता सहित पूरा परिवार गहरे सदमे में है।
What do you feel about this post?
Like
Love
Happy
Haha
Sad

