राजस्थान में तबादला एक्सप्रेस तेज, सहकारिता और पंचायत विभाग में भी बदलाव

राज्य

जयपुर
राजस्थान में तबादलों पर लगी रोक 10 जुलाई तक हटाई गई थी. इस बीच, आखिरी दिन कई विभागों की लिस्ट देर रात जारी हुई. जयपुर डिस्कॉम, सहकारिता विभाग और ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग में मुख्य रूप से बड़े फेरबदल शामिल हैं. इस महातबादला सूची में बिजली विभाग यानी जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड में सबसे बड़ा बदलाव देखने को मिला है. जयपुर डिस्कॉम के प्रशासनिक सचिव बलदेवाराम धोजक ने आदेश जारी कर 214 सहायक अभियंता (AEN) और कनिष्ठ अभियंता (JEN) बदले गए हैं.

बिजली आपूर्ति सुधारने के लिए बड़ा बदलाव
फील्ड में बिजली आपूर्ति की व्यवस्था सुधारने, ओएंडएम, सतर्कता और तकनीकी ऑडिट को मजबूत करने के लिए यह कदम उठाया गया है. इसके तहत गोविंदगढ़, कोटपुतली, चौमूं, बयाना और अलवर जैसे कई महत्वपूर्ण उपखंडों के अभियंताओं की जिम्मेदारी में बड़ा बदलाव किया गया है. इसके अलावा, सभी विभागों के आदेशों में एक बात बहुत स्पष्ट है कि स्थानांतरित किए गए सभी अधिकारी और अभियंता बिना किसी देरी के वर्तमान पद से तुरंत कार्यमुक्त होंगे और नए स्थान पर अपनी उपस्थिति दर्ज करवाएंगे. सरकार ने यह भी चेतावनी दी है कि आदेशों की पालना में किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई बरतने वाले कार्मिकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी.

राजफैड के महाप्रबंधक बदले गए
दूसरी ओर, सहकारिता विभाग में भी शीर्ष से लेकर फील्ड स्तर तक कुल 119 आला अधिकारियों की सूचियां जारी की गई हैं. संयुक्त शासन सचिव प्रहलाद सहाय नागा के हस्ताक्षर से जारी इस सूची में अतिरिक्त रजिस्ट्रार, संयुक्त रजिस्ट्रार, उप रजिस्ट्रार और सहायक रजिस्ट्रार स्तर के अधिकारी शामिल हैं. इनमें सबसे बड़ा नाम कार्तिकेय मिश्रा का है, जिन्हें राजफैड के महाप्रबंधक पद की बजाय अब अतिरिक्त रजिस्ट्रार (प्रथम) प्रधान कार्यालय जयपुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है. जबकि संदीप खंडेलवाल को उनकी जगह राजफैड का नया महाप्रबंधक नियुक्त किया गया है. इसके साथ ही कई अधिकारियों को विभिन्न केंद्रीय सहकारी बैंकों में प्रबंध निदेशक के रूप में भी तैनात किया गया है.

पंचायत समिति-जिला परिषद के खाली पड़े पदों को भरने की कवायद
ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग ने भी ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों की मॉनिटरिंग और स्वीकृतियों में तेजी लाने के लिए 101 अभियंताओं के स्थानांतरण आदेश जारी किए हैं. अतिरिक्त आयुक्त ब्रजेश कुमार चान्दोलिया द्वारा जारी आदेश के तहत राज्यभर की विभिन्न पंचायत समितियों और जिला परिषदों में रिक्त चल रहे पदों को भरने को प्राथमिकता दी गई है. इस सूची में ललित कुमार महावर को अलवर से रैणी और गिर्राज किशोर नांगला को सिणधरी से तिंवरी भेजने सहित कुल 101 नाम शामिल हैं.

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry