अब राज्य स्तर से होगा मंईयां योजना का सीधा भुगतान

राज्य

रांची
झारखंड में मंईयां योजना के लाभुकों को राशि देने व्यवस्था में बदलाव होगा. राज्य सरकार अब हर महीने ''मंईयां सम्मान दिवस'' मनायेगी. इसका आयोजन अक्टूबर से होने की संभावना है. इसी दिन एक साथ सभी 51 लाख लाभुकों के बैंक खातों में योजना की राशि डाली जायेगी. अब योजना की राशि जिला स्तर की बजाय राज्य स्तर से सीधे लाभुकों के बैंक खातों में ट्रांसफर करने की तैयारी है. इससे जुड़ी आवश्यक प्रक्रिया महिला बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग पूरी कर रहा है.

नई व्यवस्था से समय पर मिलेगी राशि
विभाग का मानना है कि इस व्यवस्था से लाभुकों को समय पर योजना का लाभ मिलेगा और भुगतान प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक सुव्यवस्थित, पारदर्शी और तेज होगी. जैप आइटी ने इसे लेकर पोर्टल भी बनाया है. जैप आइटी ने इसका प्रजेंटेशन भी विभागीय अधिकारियों को दिखाया है. अब तक योजना के तहत प्रत्येक जिला अपने स्तर पर भुगतान की प्रक्रिया पूरी करता था. इस कारण अलगअलग जिलों में अलग-अलग तिथियों पर लाभुकों के खातों में राशि पहुंचती थी. कई बार किसी जिले में राशि पहले पहुंच जाती थी, तो दूसरेजिले के लाभुकों को इंतजार करना पड़ता था.

हर महीने मनाया जाएगा 'मंईयां सम्मान दिवस'
राज्य सरकार अब हर महीना एक दिन मंईयां सम्मान दिवस के रूप में मनायेगी. इस दिन राज्य स्तर पर कार्यक्रम होगा. इसमें मुख्यमंत्री समेत राज्य के अन्य मंत्री और अधिकारी शामिल हो सकते हैं. जिले के अधिकारी भी ऑनलाइन कार्यक्रम से जुड़ेगे. जिला स्तर से जुड़ी लाभुकों से संवाद किया जायेगा, जिसमें वह इस योजना के बारे में बतायेंगी. इसके साथ ही मुख्यालय स्तर पर एक साथ सभी लाभुकों के खाता में राशि ट्रांसफर की जायेगी. इसके बाद चार से पांच घंटे में सभी लाभुकों को राशि मिल जायेगी.

वर्तमान व्यवस्था
    विभाग पहले जिलों को योजना की राशि आवंटित करता है.
    इसके बाद प्रत्येक जिला अपने स्तर पर लाभुकों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से राशि ट्रांसफर करता है.
    सभी जिलों में भुगतान की प्रक्रिया अलग-अलग समय पर पूरी होती है.
    पूरे राज्य में राशि ट्रांसफर की प्रक्रिया 10 से15 दिनों तक चलती है.
    अलग-अलग जिलों में अलग-अलग दिन राशि मिलने से भुगतान में एकरूपता नहीं रहती.
    लाभुक महिलाओं को यह जानकारी नहीं होती थी की खाता में किस दिन राशि आयेगी.

नई व्यवस्था
    अब जिला स्तर के बजाय राज्य स्तर से सीधे भुगतान किया जायेगा.
    प्रत्येक माह ''मंईयां सम्मान दिवस'' पर एक साथ राशि ट्रांसफर होगी.
    सभी जिलों के लाभुकों के खातों में एक ही दिन राशि भेजी जायेगी.
    भुगतान प्रक्रिया में एकरूपता और पारदर्शिता आयेगी.
    राशि हस्तांतरण की निगरानी राज्य स्तर से अधिक प्रभावी ढंग से हो सकेगी.
    लाभुकों को समय पर और निर्धारित तिथि पर योजना की राशि मिल सकेगी.

इससे क्या होगा लाभ ?
    जिलावार भुगतान में होने वाली देरी समाप्त होगी.
    भुगतान प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और एकरूप होगी.
    राज्य स्तर पर निगरानी आसान होगी.
    असफल भुगतान का त्वरित समाधान किया जा सकेगा.
    वित्तीय मिलान और ऑडिट प्रक्रिया भी अधिक सुव्यवस्थित होगी.
    योजना संचालन को लेकर जिला पर निर्भरता कम होगी.

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry