OYT योजना का बड़ा लाभ, संपर्क अभियान 2026 के तहत किसान को मिला स्थायी कृषि बिजली कनेक्शन

मध्य प्रदेश राज्य

संपर्क अभियान 2026: OYT योजना से किसान को मिला स्थायी कृषि बिजली कनेक्शन

प्रतिवर्ष लगभग 24 हजार रूपये की होगी बचत

भोपाल 

मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा संचालित 'संपर्क अभियान 2026' के अंतर्गत रायसेन ग्रामीण वितरण केंद्र द्वारा ग्राम बम्‍होरी (पठारी) में आयोजित संपर्क अभियान में किसान श्री संजय कुशवाह की वर्षों पुरानी बिजली संबंधी समस्या का स्थायी समाधान किया गया। कंपनी के अधिकारियों ने उन्हें ओवायटी (ओन योर ट्रांसफार्मर) योजना की जानकारी देकर स्थायी कृषि बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराया, जिससे उन्हें प्रतिवर्ष लगभग 24 हजार रूपये की बचत होगी।

संपर्क अभियान में अधिकारियों ने घर-घर पहुंचकर उपभोक्ताओं की बिजली संबंधी समस्याएं सुनीं तथा विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। इसी दौरान किसान श्री संजय कुशवाह ने बताया कि उनके कृषि पंप की दूरी विद्युत नेटवर्क से अधिक होने के कारण उन्हें प्रत्येक वर्ष दो बार अस्थायी कृषि बिजली कनेक्शन लेना पड़ता था, जिस पर लगभग 24 हजार रूपये का अतिरिक्त व्यय होता था।

कंपनी के अधिकारियों ने उन्हें ओ वाय टी योजना के लाभों से अवगत कराया। योजना की जानकारी प्राप्त करने के बाद श्री कुशवाह ने लगभग 1.40 लाख रूपये की लागत से ट्रांसफार्मर स्थापित कर स्थायी कृषि बिजली कनेक्शन प्राप्त किया। इसके साथ ही उनकी वर्षों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान हो गया। अब उन्हें प्रत्येक कृषि सीजन में अस्थायी कनेक्शन लेने की आवश्यकता नहीं होगी, जिससे प्रतिवर्ष लगभग 24 हजार रूपये की बचत होगी। साथ ही नियमित, गुणवत्तापूर्ण एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति मिलने से कृषि कार्य भी अधिक सुगमता एवं दक्षता से संचालित हो सकेंगे।

श्री संजय कुशवाह ने संपर्क अभियान 2026 एवं स्वयं का ट्रांसफार्मर योजना की सराहना करते हुए मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रति आभार व्यक्त किया। स्थायी कृषि बिजली कनेक्शन मिलने से प्रतिवर्ष लगभग 24 हजार रूपये की होने वाली बचत का उपयोग श्री संजय कुशवाह अब अपने बच्चों की शिक्षा, कृषि कार्यों तथा परिवार की अन्य आवश्यक जरूरतों को पूरा करने में कर सकेंगे।

 मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा संचालित संपर्क अभियान 2026 के माध्यम से उपभोक्ताओं को उनके घर के समीप ही बिजली संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। अभियान के अंतर्गत शिकायतों के त्वरित निराकरण के साथ विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी एवं लाभ भी पात्र उपभोक्ताओं तक पहुंचाए जा रहे हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में उपभोक्ता संतुष्टि और विद्युत सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार हो रहा है।

 

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry