CG News: स्कूल में छात्र के काटने से 12 बच्चे प्रभावित, स्वास्थ्य विभाग ने शुरू की जांच

छत्तीसगढ़ रायपुर

धमतरी.

जिले के शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल सिलौटी में आज उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक स्कूली छात्र ने अचानक अपना व्यवहार बदलते हुए सहपाठियों को काटना शुरू कर दिया। इस घटना में एक दर्जन से अधिक छात्र घायल हो गए, जिन्हें एहतियात के तौर पर रेबीज रोधी टीका लगाया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, संबंधित छात्र को करीब तीन वर्ष पहले एक रेबीज संक्रमित कुत्ते ने काट लिया था। उस समय उसे चिकित्सकीय सलाह के अनुसार रेबीज के सभी आवश्यक टीके लगाए गए थे। हालांकि, स्कूल में अचानक उसके स्वभाव में बदलाव देखने को मिला और उसने आसपास मौजूद सहपाठियों को काटना शुरू कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही स्कूल प्रबंधन ने तत्काल स्थिति को नियंत्रित किया। घायल बच्चों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया और सभी प्रभावित छात्रों को रेबीज संक्रमण से बचाव के लिए वैक्सीन लगाई जा रही है।

वहीं, काटने वाले छात्र को बेहतर चिकित्सकीय परीक्षण और उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और पूरे मामले का जायजा लेते हुए आवश्यक चिकित्सकीय एवं एहतियाती कार्रवाई शुरू कर दी। उपलब्ध जानकारी के आधार पर यह पुष्टि नहीं हुई है कि छात्र की वर्तमान स्थिति का संबंध तीन वर्ष पहले हुई रेबीज की घटना से है। इस संबंध में चिकित्सकीय जांच और आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं। अधिकारियों ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें और स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry