धार जिले में कृषक कल्याण वर्ष-2026 के अंतर्गत आयोजित हुआ बलराम कृषि महोत्सव

मध्य प्रदेश राज्य

भोपाल 

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है  कि किसान उन्नत कृषि तकनीकों को अपनाकर, प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देकर और  कृषि उत्पादों का मूल्य संवर्धन कर अपनी आय में वृद्धि करें। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर एवं समृद्ध कृषि ही विकसित मध्यप्रदेश की मजबूत आधारशिला है। उन्होंने किसानों को बलराम कृषि महोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने, कृषि में नवाचार को बढ़ावा देने और  शासकीय योजनाओं का अधिकाधिक लाभ लेने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव कृषक कल्याण वर्ष-2026 के अंतर्गत धार जिले में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव को वर्चुअली संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने की दिशा में व्यापक जनसंवाद किया गया है। विभिन्न राजनीतिक दलों और  विभिन्न धर्मों एवं समुदायों के प्रतिनिधियों से विचार-विमर्श के उपरांत आगामी विधानसभा वर्षाकालीन सत्र में आवश्यक विधायी प्रक्रिया पूरी कर इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जाएगा। सभी नागरिकों के लिए समान कानून और समान अधिकार लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाएंगे।

बलराम कृषि महोत्सव का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, प्राकृतिक खेती, मूल्य संवर्धन, कृषि यंत्रीकरण और  कृषि एवं संबद्ध विभागों की योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना रहा। कार्यक्रम में कृषि आधारित एवं देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। साथ ही नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत उपस्थित किसानों एवं नागरिकों को नशामुक्त समाज निर्माण का संदेश भी दिया गया। किसानों को प्राकृतिक खेती, कृषि उपज के मूल्य संवर्धन और प्रधानमंत्री कुसुम-बी योजना के अंतर्गत सोलर पंप स्थापित कर आत्मनिर्भर कृषि की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।

महोत्सव में कृषि विभाग, कृषि विज्ञान केन्द्र, प्राकृतिक खेती, बलराम तालाब, सूक्ष्म सिंचाई, जल संरक्षण, अन्न (मिलेट), पशुपालन विभाग, मत्स्य विभाग, इफको, कृभको सहित विभिन्न कृषि सहयोगी संस्थाओं द्वारा प्रदर्शनी लगाई गई। किसानों ने इन प्रदर्शनों का अवलोकन कर विभिन्न योजनाओं एवं तकनीकों की जानकारी प्राप्त की।

बलराम कृषि महोत्सव में जिलेभर से लगभग दो हजार किसानों ने सहभागिता की। इसके अतिरिक्त किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ), किसान संगठनों के प्रतिनिधियों, कृषि आदान विक्रेताओं तथा कृषि एवं संबद्ध विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। महोत्सव किसानों के लिए कृषि नवाचार, वैज्ञानिक तकनीकों एवं शासकीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने का प्रभावी मंच सिद्ध हुआ। इस अवसर पर कलेक्टर  राजीव रंजन मीना और पुलिस अधीक्षक  सचिन शर्मा उपस्थित रहे।

 

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry