SIR एन्यूमरेशन फॉर्म नहीं मिला तो पहुंचे कैंप, प्रशासन ने बढ़ाई तारीख

राज्य

रांची
अगर आप रांची के शहरी क्षेत्र के मतदाता हैं और अब तक SIR के तहत मिलने वाला एन्यूमरेशन (गणना) फॉर्म नहीं मिला है, तो चिंता करने की जरूरत नहीं है। जिला प्रशासन ने ऐसे मतदाताओं के लिए एक बार फिर विशेष शिविर लगाने का फैसला किया है। इस शिविर में मतदाता फॉर्म प्राप्त करने के साथ-साथ भरा हुआ फॉर्म भी जमा कर सकेंगे।

जानिए कैसे मिलेगा फॉर्म
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने बताया कि जिन मतदाताओं का एन्यूमरेशन फॉर्म अभी तक प्राप्त नहीं हुआ है या जिन्होंने अब तक उसे जमा नहीं किया है, उनके लिए 20 जुलाई को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक रांची के सभी शहरी मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप लगाया जाएगा।

शनिवार को भी जिले के सभी शहरी मतदान केंद्रों पर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक शिविर लगाया गया था। इस दौरान बड़ी संख्या में मतदाता मतदान केंद्रों पर पहुंचे। कई लोगों ने बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) से एन्यूमरेशन फॉर्म लिया, जबकि कई मतदाताओं ने भरा हुआ फॉर्म भी जमा किया। जिन लोगों को फॉर्म भरने या जरूरी दस्तावेजों को लेकर कोई परेशानी थी, उन्हें बीएलओ ने मौके पर ही पूरी जानकारी दी।

लोगों को किन समस्याओं का सामना करना पड़ रहा
हालांकि, शिविर के दौरान कुछ मतदाताओं को 2003 के डेटा के मिलान में दिक्कतों का सामना भी करना पड़ा। प्रशासन ने कहा कि ऐसे मामलों में संबंधित अभिलेखों की जांच के बाद आवश्यक प्रक्रिया अपनाई जाएगी।

उपायुक्त ने स्पष्ट किया है कि जिन मतदाताओं ने पहले ही अपना एन्यूमरेशन फॉर्म संबंधित बीएलओ के पास जमा कर दिया है या ऑनलाइन आवेदन सफलतापूर्वक सबमिट कर दिया है, उन्हें दोबारा शिविर में आने की जरूरत नहीं है। यह सुविधा केवल उन लोगों के लिए है, जिनका फॉर्म अभी तक नहीं मिला है या जमा नहीं हो पाया है।

प्रशासन ने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय पर अपने मतदान केंद्र पहुंचकर फॉर्म प्राप्त करें या भरा हुआ फॉर्म जमा करें, ताकि विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया समय पर पूरी हो सके और भविष्य में मतदाता सूची से संबंधित किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

What do you feel about this post?

0%
like

Like

0%
love

Love

0%
happy

Happy

0%
haha

Haha

0%
sad

Sad

0%
angry

Angry